विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी के बाद अलीगढ़ में खेत में उतारा; दोनों पायलट सुरक्षित
Aircraft Makes Emergency Landing in Aligarh
अलीगढ़: Aircraft Makes Emergency Landing in Aligarh: धनीपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला ट्रेनिंग एयरक्रॉफ्ट आसमान में अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गया. जिसके बाद एयरक्रॉफ्ट को खेत में उतारना पड़ा. इस घटना में चालक दल सुरक्षित है. दूसरी ओर खेत में विमान के लैंड करने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें भी पहुंच गईं. विमान को फिलहाल खेत में ही सुरक्षित रखा गया है.
जानकारी के मुताबिक, पायनियर एविएशन कंपनी का टू-सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट VT-PFB रविवार सुबह करीब 10 बजे नियमित प्रशिक्षण उड़ान के लिए धनीपुर एयरपोर्ट से रवाना हुआ. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलटों को विमान तकनीकी खराबी के संकेत मिलने लगे. कॉकपिट में खतरे का अलार्म बजते ही दोनों पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की सूचना दी.
बताया जा रहा है कि विमान उस समय इतनी कम ऊंचाई पर था कि उसे वापस एयरपोर्ट तक लाना जोखिम भरा हो सकता था. ऐसे में पायलट ने विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर मोड़ दिया. इसी दौरान हरदुआगंज क्षेत्र के गांव चंगेरी और जलाली इलाके के पास उन्हें एक समतल खाली खेत दिखाई दिया, जिसे उन्होंने इमरजेंसी लैंडिंग के लिए चुना. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक आसमान से नीचे उतरते विमान को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. लोग खेतों की ओर दौड़ पड़े. विमान ने धूल उड़ाते हुए खेत में सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई. मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, एयरपोर्ट डायरेक्टर सत्यव्रत, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं. अधिकारियों ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली.
एयरपोर्ट डायरेक्टर सत्यव्रत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला इंजन फेलियर और तकनीकी खराबी का प्रतीत हो रहा है. घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (Directorate General of Civil Aviation) को दे दी गई है. विशेषज्ञों की टीम एयरक्राफ्ट के इंजन और अन्य उपकरणों की जांच करेगी ताकि खराबी के सही कारणों का पता लगाया जा सके. बताया कि दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्हें मामूली प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद छुट्टी दे दी गई. फिलहाल विमान को खेत में ही सुरक्षा घेरे में रखा गया है और जांच पूरी होने के बाद उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.