बरेली में बिना हेलमेट पर एआई का शिकंजा, चौराहों पर नाम लेकर होगी घोषणा

बरेली में बिना हेलमेट पर एआई का शिकंजा, चौराहों पर नाम लेकर होगी घोषणा

AI cracks down on people without helmets

AI cracks down on people without helmets

बरेली। बिना हेलमेट वाहन चलाना अब चौराहे पर फजीहत का कारण बनेगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इसके लिए शहर के 18 चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से एक एआइ डिवाइस को जोड़ने की योजना बनाई है। यह डिवाइस बिना हेलमेट वाहन चालकों की नंबर प्लेट को स्कैन करेगा। फिर सार्वजनिक रूप से चौराहे पर चालक का नाम एनाउंस करेगा कि आपने हेलमेट नहीं लगाया है।

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए बाइक सवारों के हेलमेट लगाने पर जोर दिया जा रहा है। शासन के निर्देश पर महीनेभर विशेष अभियान चलाया। नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान भी चला, लेकिन बिना हेलमेट के बाइक सवार धड़ल्ले से निकल रहे हैं। चेकिंग अभियान के अलावा चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों में कैद होने वाली तस्वीरों के आधार पर भी कार्रवाई हो रही है, लेकिन आदत नहीं बदल रही है।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अब शत-प्रतिशत बाइक सवारों को हेलमेट लगाकर राइडिंग करने के लिए नवाचार किया है। विभागीय तकनीकी टीम से एआइ आधारित विशेष डिवाइस तैयार की है।

महज 10 हजार रुपये में तैयार हुई यह डिवाइस शहर के 18 चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से जोड़ी जाएगी। सीसीटीवी में बिना हेलमेट के दिखने वाले बाइक सवार की बाइक का नंबर प्लेट स्कैन कर वहीं चौराहे पर एआइ वाहन चालक का नाम लेकर फजीहत करेगा।

बेटे के बाइक चलाने पर गूंजेगा पिता का नाम

बाइक यदि पिता के नाम पर है और बेटा बाइक चला रहा है तो भी पिता के नाम ही पुकारा जा जाएगा। सभी 18 चौराहों पर यह डिवाइस लगाने के लिए विभाग ने 1.80 लाख रुपये बजट का इंतजाम भी कर लिया है।

यातायात पुलिस से समन्वय बनाकर अब इसका क्रियान्वयन किए जाने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि सार्वजनिक स्थल पर फजीहत से बचने के लिए बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने की आदत बढ़ेगी। दुर्घटनाओं में होने वाली असमय मौत को टाला जा सकेगा।

 

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग की ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का नवाचार सफल रहा, जिसे प्रदेशभर में लागू किया है। इसी तरह एआइ आधारित तैयार डिवाइस शहर के प्रमुख चौराहों पर लगवाने की प्रक्रिया शुरू की है। हेलमेट नहीं लगाने वाले बाइक सवारों को सार्वजनिक स्थल पर ही जलालत झेलनी पड़ेगी।