"झारखंड भाजपा: आदित्य साहू जल्द घोषित करेंगे सात मोर्चों और पांच प्रकोष्ठों के अध्यक्ष"
Aditya Sahu to Soon Announce Presidents
रांची। Aditya Sahu to Soon Announce Presidents, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू जल्द ही सात मोर्चों और पांच प्रकोष्ठों के अध्यक्ष का नाम घोषित करेंगे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नई टीम के गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
आदित्य साहू मोर्चा अध्यक्ष के नामों की सूची लेकर दिल्ली गए हैं। इसमें शामिल नामों पर विस्तृत चर्चा के बाद अगले सात दिनों में इन्हें घोषित कर देने की संभावना है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि सबसे ज्यादा चर्चा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा अध्यक्ष के नामों पर है। ओबीसी मोर्चा के लिए भी ऐसे नेता का नाम तलाशा जा रहा है जिसकी पिछड़े समुदाय में व्यापक पकड़ हो। दो बार से ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष रहे अमरदीप यादव को इस बार मुख्य कमेटी में प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
मुख्य कमेटी में कई बड़े नाम शामिल नहीं हो पाए हैं। कुछ लोगों को मोर्चा और प्रकोष्ठ के अलावा जिला प्रभारी भी बनाया जाएगा। प्रदेश भाजपा इसके साथ ही प्रशिक्षण प्रमुख और मीडिया प्रभारी के तौर पर नए लोगों को लाने में भी लगी है।
आरती कुजूर की हो सकती है वापसी
पिछली बार मुख्य कमेटी में रही आदिवासी समाज से आने वाली आरती कुजूर को महिला मोर्चा या जनजातीय मोर्चा की जिम्मेदारी दी जा सकती है। युवा मोर्चा में शशांक राज को दोबारा मौका मिल सकता है।
ओबीसी मोर्चा के लिए वैश्य समुदाय से ही कोई नाम पार्टी लाने की योजना में है। इसके अलावा संताल परगना को प्रतिनिधित्व देने के लिए पूर्व विधायक अमित मंडल की भूमिका भी पार्टी बढ़ा सकती है।
काम करने वाले नेताओं को साथ रखने की योजना
पिछले कमेटी के दौरान राकेश भास्कर, सुरेश साव, रमेश सिंह को पार्टी ने महत्वपूर्ण अवसर पर काम में लगाया था। लेकिन मुख्य कमेटी में उन्हें मौका नहीं मिल पाया है। अब प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू इन नेताओं को भी संगठन से जोड़े रखने के लिए प्रभारी या मोर्चा में फिट कर सकते हैं।