एक्टर राजपाल यादव तिहाड़ जेल से आएंगे बाहर; दिल्ली हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत, चेक बाउंस केस में बड़ी राहत, पढ़िए खबर
Actor Rajpal Yadav Gets Bail Delhi High Court Verdict Cheque Bounce Case
Rajpal Yadav Gets Bail: दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस केस में राजपाल यादव की सजा पर अंतरिम रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी है। राजपाल यादव अंतरिम जमानत पर 18 मार्च तक जेल/कस्टडी से बाहर रहेंगे। इस दिन दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले की फिर से सुनवाई करेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली हाईकोर्ट ने आज 3 बजे तक राजपाल यादव को जमानत की राहत पाने के लिए 1.5 Cr रुपये जमा करने को कहा था। जमानत देने हुए कोर्ट ने कहा कि राजपाल यादव की तरफ से रेस्पोंडेंट (प्रतिवादी) के बैंक अकाउंट में 1.5 करोड़ रुपये जमा करा दिए गए हैं। वहीं कोर्ट ने इस शर्त पर सज़ा रोकने का आदेश दिया कि यादव 1 लाख रुपये का पर्सनल बॉन्ड और उतनी ही रकम की एक श्योरिटी देंगे।
राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में किया सरेंडर
राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। तब से वह जेल में ही हैं। जेल जाने के बाद राजपाल ने अपनी भतीजी की शादी अटेंड करने को लेकर जमानत याचिका कोर्ट में दाखिल की थी। उनकी जमानत याचिका पर पहले 12 फरवरी को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। उस दौरान दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई को सोमवार 16 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया था। जहां आज 16 फरवरी को मामले की सुनवाई की गई।
राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये चुकाने हैं
दरअसल राजपाल यादव को एक कंपनी के नौ करोड़ रुपये चुकाने हैं। इसी कर्ज को देने में राजपाल यादव के एक के बाद एक चेक बाउंस हुए और वह कानूनी पचड़े में बुरी तरह से फंस गए और अब कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। दरअसल साल 2012 में राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ का निर्देशन किया था। इसी फिल्म के निर्माण के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। जो समय दर समय अब बढ़कर 9 करोड़ रुपए हो चुका है।
बता दें कि राजपाल यादव ने जो फिल्म बनाई वो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। ऐसे में राजपाल यादव को फिल्म में भारी नुकसान हुआ और वो कर्ज नहीं चुका पाए. अदालत की ओर से उन्हें पैसों को चुकाने के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन जब राजपाल यादव भुगतान नहीं कर पाए तो कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का सख्त आदेश दिया। हाईकोर्ट के आदेश के पालन में राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
जेल जाने से पहले कोर्ट के हाथ जोड़ रहे थे राजपाल
प्रतिवादी के वकील अवनीत सिंह ने बताया कि 2 फरवरी 2026 तक राजपाल यादव ने पैसा जमा नहीं कराया तो कोर्ट ने उन्हें 2 दिन में सरेंडर करने का समय दिया था। इसके बाद 4 तारीख को भी उन्होंने सरेंडर नहीं किया और एक और याचिका लगाई और सरेंडर करने का एक हफ्ते का समय मांगते हुए कहा कि मैं पैसों का इंतजाम नहीं कर पाया। इस याचिका के खारिज होने के बाद फिर उन्होंने 5 तारीख को दया याचिका लगाई और कहा कि मैं हाथ जोड़कर कह रहा हूं कि मुझे और थोड़ा समय दे दीजिये। मैं पैसा जोड़ पाऊँगा और कोर्ट को जमा करा दूँगा। लेकिन कोर्ट के सख्त रुख के बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया।
राजपाल यादव की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं
एक्टर राजपाल यादव की आर्थिक स्थिति इस समय ठीक नहीं है, तिहाड़ जेल जाने से पहले राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति और फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कुछ ऐसा कहा था, जो सबको चौंका गया था। अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर राजपाल यादव का कहना था कि वो पैसे की भरपाई नहीं कर पाएंगे। वहीं उन्होंने इंडस्ट्री के लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा था कि मेरे सामने और कोई रास्ता नहीं है। कोई ऐसा दोस्त भी नहीं है, जो मदद करे। जेल में सरेंडर करते समय राजपाल यादव काफी भावुक और परेशान लग रहे थे।
इंडस्ट्री में खुद को अकेला बताया तो आई मदद
एक मायूसी के साथ राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर किया था। राजपाल यादव ने खुद को इंडस्ट्री में अकेला भी बताया था और कहा कि कोई किसी का दोस्त नहीं होता। इस मुश्किल दौर से मुझे खुद ही निकलना होगा। हालांकि राजपाल यादव के इस बयान के बाद उनकी मदद के लिए कई हाथ आगे बढ़े। ये हाथ सिर्फ इंडस्ट्री से ही नहीं थे बल्कि उनके समाज और उनके अन्य चाहने वाले लोग उनकी मदद को आगे आए। जेल गए राजपाल यादव के लिए मदद का सबसे पहला हाथ एक्टर सोनू सूद की तरफ से बढ़ा था। इसके बाद इंडस्ट्री के अन्य कुछ लोग भी राजपाल की मदद के लिए आगे आते हुए देखे गए।