मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार: शादी टूटने के बाद रची साजिश, सफाईकर्मी निकला आरोपी
Accused Who Threatened Chief Minister Arrested
प्रयागराज। Accused Who Threatened Chief Minister Arrested, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने व बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को दबोच लिया गया है। गुरुवार शाम प्रयागराज के मऊआइमा थाने की पुलिस ने धमकी देने के आरोपित शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी नितेश कटियार पुत्र सुरेंद्र कटियार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त शाहजहांपुर नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है।
मऊआइमा के व्यक्ति के वाट्सएप नंबर से पोस्ट किया था
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि सगाई टूटने के बाद उसने मऊआइमा निवासी पवन चौरसिया को फंसाने के लिए वाट्सएप पर अभद्र टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। बताया गया है मऊआइमा थाना क्षेत्र के बरई निवासी पवन कुमार चौरसिया के वाट्सएप नंबर से मुख्यमंत्री के खिलाफ एक विवादित और धमकी भरा पोस्ट प्रसारित हुआ था।
आरोपित और पवन से विवाद हुआ था
इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और फिर मोबाइल नंबर के आधार पर पवन को उठा लिया। इंजीनियर पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन की शादी के लिए मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान शाहजहांपुर निवासी नितेश कटियार से रिश्ता तय हुआ। हालांकि बाद में पवन के परिवार वालों ने शादी नहीं करने की बात कही, जिसको लेकर पवन और नितेश के बीच विवाद हुआ था।
नितेश ने पवन को फंसाने की योजना बनाई
रिश्ता टूटने से नाराज होकर नितेश ने पवन को फंसाने की योजना बनाई और वाट्सएप पर टिप्पणी करते हुए धमकी दी थी। उसमें पवन का नंबर टैग किया था। तब पुलिस ने पवन की तहरीर पर केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर मऊआइमा राममूर्ति यादव ने बताया कि धमकी देने के आरोपित सफाईकर्मी नितेश को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।