Abhay Chautala attacks HPSC recruitment process, says injustice is

HPSC भर्ती प्रक्रिया पर अभय चौटाला का हमला, कहा– योग्य हरियाणवी युवाओं के साथ हो रहा अन्याय

undefined

Abhay Chautala attacks HPSC recruitment process, says injustice is

इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी ने नौकरियों के लिए चयन प्रक्रिया का “मजाक” बनाकर रख दिया है और अब तक की भर्तियां हरियाणा के योग्य युवाओं को नौकरी देने के उद्देश्य से नहीं की गईं।

अभय चौटाला ने हाल ही में घोषित पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती परिणाम का हवाला देते हुए कहा कि बेरोजगारी से त्रस्त हरियाणा में कई वर्षों के इंतजार के बाद यह रिजल्ट आया, लेकिन परिणाम बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने बताया कि 1711 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में करीब 5100 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, लेकिन केवल 39 उम्मीदवार, यानी मात्र 2.29 प्रतिशत, ही उत्तीर्ण घोषित किए गए।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब हरियाणा के युवा दिन-रात मेहनत कर UPSC जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर आईएएस, आईपीएस, जज और वैज्ञानिक बन रहे हैं, तो फिर यह कैसे संभव है कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस जैसी परीक्षा में केवल 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थी ही योग्य पाए गए। उन्होंने इसे युवाओं की मेहनत का अपमान बताया।

अभय चौटाला ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक की अधिकांश भर्तियों में करीब 90 प्रतिशत चयन बाहर के राज्यों के उम्मीदवारों का किया गया है। उनके अनुसार यह सब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की “सोची-समझी रणनीति” का हिस्सा है, ताकि हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार रखा जा सके और उच्च पदों पर बाहर के प्रदेशों से जुड़े लोगों का वर्चस्व कायम किया जा सके।

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से हरियाणा लोक सेवा आयोग के चेयरमैन को पद से हटाए और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराए।

अभय चौटाला ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में इनेलो की सरकार बनती है, तो हरियाणा के सभी योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने युवाओं से भरोसा बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की।