ट्राईसिटी में मौसम का मिजाज बदला, बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; तापमान में गिरावट
- By Gaurav --
- Friday, 03 Apr, 2026
Aam Aadmi Party hits back at Raghav Chadha, asks – why are you afraid to speak against the Modi gove
अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मार्च में गर्मी, बारिश और आंधी-तूफान का जो सिलसिला शुरू हुआ था, वह अब अप्रैल में भी जारी है। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) में अगले दो दिनों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह शहर में मौसम काफी सुहावना रहा और दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, शाम के समय शहर के कई इलाकों में बारिश भी हुई, जिससे मौसम और ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया। जिसमें बीते 24 घंटों के मुकाबले 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री रहा। वहीं 1 मार्च से अब तक शहर में 25.1 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है, जो सामान्य से 28.7 फीसदी अधिक है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और ओले:
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी ईरान और आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ का असर अब अफगानिस्तान तक फैल गया है। इसके साथ दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और कच्छ क्षेत्र में बना चक्रवाती परिसंचरण भी जुड़ गया है। इसके अलावा, 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम में फिर बदलाव आएगा।
8 अप्रैल तक बारिश के आसार:
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 5 और 6 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। वीरवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री रहा। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के समय बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की गई है
अागे मौसम का हाल:
-शनिवार को बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-रविवार को मौसम सामान्य रहेगा। ऐसे में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।