मोरनी में थार गाड़ी खाई में गिरी, 1 युवक की मौत 3 दोस्त ज़ख्मी; मोरनी में जन्मदिन मनाकर तड़के 3 बजे लौटते समय हुआ हादसा
SUV fell into a Gorge in Morni
अर्थ प्रकाश संवाददाता
पंचकूला। SUV fell into a Gorge in Morni: मोरनी के गांव माधना के नजदीक एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई और तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यह हादसा बुधवार तड़के 3 बजे हुआ, मगर गांववासियों को सुबह 8 बजे हादसे का पता लगा। एम्बुलेंस से घायलों को सेक्टर 6 के सिविल अस्पताल में लाया गया। मृतक की पहचान हरमिलाप नगर के निवासी अभिषेक के रूप में हुई। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव माधना के ग्रामीणों ने सुबह खाई में थार गाड़ी गिरी हुई देखी और घायलों के बारे तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। जांच में सामने आया कि हरमिलाप नगर निवासी अभिषेक, विवेक, मोहाली निवासी आयुष गोयल और ललित हादसे में जख्मी हुए। अस्पताल में डॉक्टरों ने अभिषेक को देखकर मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मृतक के चचेरे भाई मनोज ने मीडिया को बताया कि अभिषेक हरमिलाप नगर में पिता से साथ ढाबा चलाता था। मोरनी में 8 दोस्त वेगनआर और थार गाड़ियों में जन्मदिन मनाने गए थे। वहां से लौटते समय थार गाड़ी आगे चल रही थी। गाड़ी की स्पीड ज्यादा थी, जिसके बाद गाड़ी का पता नहीं चला और वेगनआर गाड़ी काफी आगे पंचकूला की तरफ आ गई। जब रास्ते में कहीं थार गाड़ी नहीं दिखी तब वे वापिस ढूंढने गए। मगर गाड़ी का सुबह पता चला।