हर्षित राणा की जगह स्टार खिलाड़ी को मौका, डेढ़ साल बाद टीम इंडिया में वापसी

हर्षित राणा की जगह स्टार खिलाड़ी को मौका, डेढ़ साल बाद टीम इंडिया में वापसी

Harshit Rana Injury

Harshit Rana Injury

Harshit Rana Injury: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। वहीं टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट की वजह से टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं। हर्षित के टीम से बाहर होने से भारतीय टीम को बड़ा झटका है। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हर्षित राणा की जगह रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।

हर्षित राणा पिछले एक साल से भारत की टीम में सभी फॉर्मेट में लगातार शामिल रहे हैं और उम्मीद थी कि वह पूरे टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन का अहम हिस्सा होंगे। लेकिन चोट की वजह से वह बाहर हो गए।टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान, अमेरिका (USA), नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप A में रखा गया है।

वर्ल्ड कप से बाहर हुए हर्षित राणा

बीसीसीआई ने अपने पोस्ट में लिखा, "टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने में चोट लगने के कारण ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं। 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मैच के दौरान हर्षित को चोट लगी थी।" पोस्ट में आगे कहा, "स्पेशलिस्ट की सलाह और स्कैन के बाद BCCI की मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट खेलने के लिए अनफिट घोषित कर दिया है। टीम मैनेजमेंट ने उनके जल्दी ठीक होने की कामना की है। हर्षित की जगह अब मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।"

सिराज की लंभे समय बाद हुई वापसी

मोहम्मद सिराज ने आखिरी बार जुलाई 2024 में टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। अब उनके फिर से प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की संभावना है। अब तक उन्होंने 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 7.79 की इकॉनमी से 14 विकेट लिए हैं। हाल ही में सिराज ने हैदराबाद की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते हुए चार मैचों में 5.81 की शानदार इकॉनमी से सात विकेट लिए थे, जिससे उनकी अच्छी फॉर्म साफ नजर आती है।

भारत की अपडेटेड पूरी टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज