जालंधर में बनेगा ‘श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र’, लेआउट मंजूर; जल्द शुरू होगा निर्माण
- By Gaurav --
- Friday, 20 Mar, 2026
A 'Shri Guru Ravidas Bani Study Center' will be built in Jalandhar, layout approved; construction wi
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज घोषणा की कि जालंधर जिले में डेरा सचखंड बल्लां के पास बनने वाले ‘श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र’ का निर्माण कार्य इसका आधिकारिक नक्श (लेआउट प्लान) तैयार होने के बाद जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने डेरा सचखंड बल्लां के दौरे के दौरान की, जहां उन्होंने प्रस्तावित नक्शे की समीक्षा की और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
पंजाब वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जानकारी दी कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब सरकार ने गांव नौगज्जा और फरीदपुर में 10.50 एकड़ भूमि का कब्जा ले लिया है। उन्होंने आगे बताया कि लेआउट प्लान को डेरा के वर्तमान प्रमुख संत निरंजन दास जी द्वारा औपचारिक मंजूरी दे दी गई है, जिससे विकास के अगले चरण का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने कहा, “टेंडर प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी ताकि परियोजना का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू किया जा सके। यह केंद्र शिक्षा और आध्यात्मिक शोध के लिए एक व्यापक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस केंद्र में आधुनिक कक्षाओं से सुसज्जित एक प्रशासनिक ब्लॉक, एक समर्पित पुस्तकालय और विशेष कोचिंग सुविधाएं होंगी, जहां एक समय में 500 विद्यार्थी एक ही समय गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का अध्ययन कर सकेंगे। इसके अलावा, श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन से संबंधित सामग्री और वस्तुओं के प्रदर्शन के लिए एक विशेष ‘गुरु रविदास बाणी इंटरप्रिटेशन हॉल’ भी बनाया जाएगा।”
परियोजना के व्यापक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि परिसर में आवासीय और मनोरंजन की पूरी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने आगे बताया, “कैंपस में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल, शिक्षकों के लिए आवासीय क्वार्टर, एक कैंटीन तथा वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के विशेष मैदान भी शामिल होंगे।”
इस पहल की महत्ता पर जोर देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में यह परियोजना गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “पंजाब सरकार गुरु जी की आध्यात्मिक और सामाजिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह विश्व स्तरीय अध्ययन केंद्र आने वाली पीढ़ियों को पवित्र बाणी से जोड़ने और इस संदेश को वैश्विक स्तर पर ले जाने में एक मील का पत्थर साबित होगा।”
इस अवसर पर विधायक बलकार सिंह, विधायक इंद्रजीत कौर मान, पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के वाइस चेयरमैन प्रिंसिपल प्रेम कुमार, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, दिनेश ढल्ल और अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं।