हमीरपुर में सड़क किनारे कार में लगी आग, वन विभाग और ग्रामीणों ने रोक दी आपदा

हमीरपुर में सड़क किनारे कार में लगी आग, वन विभाग और ग्रामीणों ने रोक दी आपदा

A roadside car caught fire in Hamirpur

A roadside car caught fire in Hamirpur

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में अचानक एक कार में आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। उपमंडल बड़सर क्षेत्र के सलोनी के समीप पंजारड़ी गांव में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। 

बताया जा रहा है कि उस समय वाहन में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

पेट्रोलिंग पर निकली वन विभाग की टीम आई हरकत में

इसी दौरान नाइट पेट्रोलिंग पर निकले वन खंड अधिकारी विनोद राणा, वनरक्षक कपिल देव और वन मित्र रजत मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने आग की लपटें देख तुरंत वाहन रोका और बिना देरी किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। 

ग्रामीणों की मदद से पाया काबू

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने पानी और रेत की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। 

वन खंड अधिकारी विनोद राणा ने ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।