बहराइच में चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
A moving car burst into flames in Bahraich
बहराइच। शहर के पुलिस लाइन मार्ग पर शनिवार सुबह सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार ग्राम विकास अधिकारी ने कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते पूरी कर जलकर राख हो गई। आग लगने से सड़क के दोनों तरफ यातायात प्रभावित रहा। लोग शार्ट सर्किट से कार में आग लगने की आशंका जता रहे हैं।
कोतवाली देहात के सिविल लाइन निवासी राकेश कुमार वर्मा श्रावस्ती जिले के इकौना में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। शनिवार को वह कार से ड्यूटी के लिए इकौना जा रहे थे। कोतवाली देहात इलाके के पुलिस लाइन स्थित साइबर थाने के सामने पहुंचने पर उन्हें गर्मी का अहसास हुआ।
एसी चलने के बाद भी अंदर गर्मी ज्यादा होने पर उन्होने जांच के लिए कार को सड़क किनारे खड़ी किया। जैसे ही वह कार से नीचे उतरे वैसे ही कार से आग की लपटें निकलने लगी। जान बचाने के लिए वह दूर जाकर खड़े हो गए। घटना से सड़क पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देजनर सड़क के दोनों तरफ वाहनों का आवागमन रोक दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को चपेट में ले लिया। सूचना दमकलकर्मियों को भी दी गई, लेकिन जब तक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचते वाहन पूरी तरह जल गया।
आग लगने के चलते बलरामपुर, गोंडा व श्रावस्ती बाईपास मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। जिला अग्निशमन अधिकारी विशाल रामानुज गौड़ ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया था।