खुर्जा में मामूली कहासुनी ने ली जान, ठेली संचालक की कार से कुचलकर हत्या

खुर्जा में मामूली कहासुनी ने ली जान, ठेली संचालक की कार से कुचलकर हत्या

A minor altercation claimed life in Khurja

A minor altercation claimed life in Khurja,

  1. आरोपित ने जान से मारने की दी थी धमकी।

  2. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।

संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। खुर्जा में सब्जी खरीदने के दौरान हुई मामूली कहासुनी होने के बाद आरोपित ने सोमवार शाम ठेली संचालक की कार से कुचलकर हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपित स्वजन सहित फरार हो गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सब्जी खरीदते समय हुई थी कहासुनी

नगर के पहासू रोड शिल्पा गार्डन के पीछे स्थित नट कालोनी विवेक विहार निवासी मीना देवी ने बताया कि उनके 52 वर्षीय पति मलखान पुत्र बाबूलाल व बेटा विकास पहासू रोड पर सब्जी की ठेली लगाते थे। उन्होंने बताया कि चार दिन पूर्व गली निवासी ही आयुष चौधरी ठेली पर सब्जी लेने आया था। सब्जी खरीदते समय आरोपित की उनके पति से कहासुनी हो गई थी।

जान से मारने की दी थी धमकी

जिसके बाद आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि सोमवार रात नौ बजे उनके पति व बेटा ठेला घर आ रहे थे। जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंचे, तो आरोपित कार लेकर आया और ठेले के ऊपर कार चढ़ा दी। जिससे ठेली पलट गई और मलखान गंभीर रूप से घायल हो गए।

उनका बेटा व अन्य स्वजन उन्हें लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर स्वजन में कोहराम मच गया। उधर हादसे के बाद आरोपित स्वजन सहित मकान का ताला लगाकर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का राजफाश किया जाएगा।