देहरादून को मिलेगी बड़ी सौगात: रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास
A Major Gift for Dehradun
देहरादून। A Major Gift for Dehradun, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून दौरे के दौरान न केवल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी जल विद्युत परियोजना के पंपिंग हाउस का लोकार्पण ही नहीं करेंगे, बल्कि राजधानी देहरादून की बहुप्रतीक्षित रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे।
करीब 6200 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाली मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर इस परियोजना के शिलान्यास से जुड़ी सभी तैयारियां तेज हो गई हैं।
रिस्पना और बिंदाल नदी के ऊपर बनने वाला यह एलिवेटेड कारिडोर लगभग 26 किलोमीटर लंबा होगा।
परियोजना के तहत बिंदाल नदी पर करीब 14 किलोमीटर और रिस्पना नदी पर लगभग 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग विकसित किया जाएगा।
इसका मार्ग कारगी से शुरू होकर ब्राह्मणवाला, निरंजनपुर, विजयपुर, जाखन होते हुए मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र तक जाएगा। परियोजना को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के अनुरूप डिजाइन किया गया है।
इसके पूरा होने पर शहर के भीतर आधे घंटे तक लगने वाला सफर 10 से 12 मिनट में पूरा होने की संभावना है। खासतौर पर घंटाघर, बल्लूपुर, राजपुर रोड, सहारनपुर रोड व आइएसबीटी क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होगा।
इस परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से किया जाएगा। शिलान्यास के बाद भूमि सत्यापन, पुनर्वास और निर्माण की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल, मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा लगातार की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने उठाया था जाम का मुद्दा
विश्वस्त सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हुई मुलाकात के दौरान देहरादून में यातायात जाम का मुद्दा उठाया था।
इसी दौरान रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड परियोजना पर भी चर्चा हुई। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि देहरादून की आने वाली यातायात जरूरतों का दीर्घकालिक समाधान मानी जा रही है।
दून को क्यों है इंतजार
- रोजाना जाम से जूझते शहर को मिलेगा वैकल्पिक तेज मार्ग
- मसूरी और बाहरी रूट का दबाव होगा कम
- व्यापार, पर्यटन और आपात सेवाओं को मिलेगा लाभ