नगर परिषद पलवल में ऐतिहासिक पहल, 127 वर्षों में पहली बार 346 कर्मचारियों की होंगी भर्तियां
Palwal Municipal Council
डॉ. यशपाल के नेतृत्व में एचकेआरएनएल के माध्यम से की जाएंगी कर्मचारियों की नियुक्तियां
सफाई कर्मचारियों की भर्ती से चमकेगा नगर परिषद का इलाका
पलवल। दयाराम वशिष्ठ: Palwal Municipal Council: नगर परिषद पलवल के 127 वर्ष के इतिहास में पहली बार संसाधनों और मानवबल के स्तर पर व्यापक संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है।
नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल के नेतृत्व में परिषद ने प्रशासनिक सुधार, आधुनिक मशीनरी विस्तार और मानव संसाधन सशक्तीकरण को एक साथ आगे बढ़ाते हुए 346 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। मौजूदा समय में नगर परिषद में 250 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है। पलवल की जनसख्या के मुताबिक कर्मचारियों की यह संख्या काफी कम है, नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल काफी समय से कर्मचारियों की संख्या बढाने के लिए प्रयासरत थे। उनका मानना है कि नगर परिषद की बेहतर व्यवस्था के लिए 700 कर्मचारियों की जरूरत है, इसके चलते इन पदों पर भर्ती करने का यह निर्णय लिया गया है। उनकी यह पहल नगर परिषद की जमीनी कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के माध्यम से प्रस्तावित इस भर्ती प्रक्रिया में 08 ट्रैक्टर ड्राइवर, 02 जेसीबी ड्राइवर, 02 ट्रक माउंटेड एंटी-स्मॉग गन ड्राइवर, 02 सहायक सफाई निरीक्षक तथा 332 सफाई कर्मचारी शामिल हैं। इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए फाइल स्वीकृति हेतु मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के समक्ष प्रस्तुत की गई है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में नगर परिषद पलवल द्वारा 10 ट्रैक्टर ट्रॉलियां, 02 बैकहो लोडर तथा 02 अत्याधुनिक एंटी-स्मॉग गन मशीनों की व्यवस्था की गई है।
वर्ष 1898 में बना था नगर परिषद
डॉ यशपाल ने बताया कि वर्ष 1898 में पलवल में नगर परिषद बनाया गया। 15 अगस्त 2008 को पलवल को प्रदेश में 21 वां जिला बनाया गया। इसके बाद से यहा आबादी तेजी से बढती चली गई। बढते शहरीकरण के चलते नगर परिषद में संसाधनों की कमी खलती रही। लेकिन अब 127 वर्षों में पहली बार स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण मलबा निष्पादन और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए इस स्तर पर संसाधनों का विस्तार किया गया है।
डॉ. यशपाल ने कहा कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली को परिणाम आधारित और उत्तरदायी बनाना उनकी प्राथमिकता है। लंबे समय से स्टाफ की कमी के कारण कई व्यवस्थाएं अपेक्षित गति से संचालित नहीं हो पा रही थीं। नई भर्ती प्रक्रिया से वार्ड स्तर पर नियमित सफाई व्यवस्था, मशीनरी का बेहतर उपयोग, निगरानी तंत्र की मजबूती और समयबद्ध सेवा वितरण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने इस ऐतिहासिक कदम के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा राज्यमंत्री गौरव गौतम का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित समर्थन से ही स्थानीय निकायों को संस्थागत रूप से सशक्त बनाया जा सकता है, जिससे विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होता है और नागरिकों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।
नगर निगम बनाने को लेकर चल रहा है सर्वे शुरू
नगर परिषद के बाद अब पलवल में नगर निगम बनाने की तैयारियां भी शुरू हो गई है। चेयरमैन डा़ यशपाल ने बताया कि नगर निगम की तैयारियों को लेकर भी सर्वे चल रहा है।