राजकीय महाविद्यालय सफीदों में स्वरोत्सव में सुर, संस्कृति और प्रतिभा का भव्य संगम
Grand Confluence of Music
सफीदों, (विनय दीवान)
सफीदों। Grand Confluence of Music: राजकीय महाविद्यालय सफीदों में स्वरोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि मनीष कुमार, प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया, उपप्राचार्य डॉ. सरला सेहरावत, सांस्कृतिक समिति के सदस्य, महाविद्यालय के बर्सर श्री बलवींदर तथा डॉ. जयविंद्र शास्त्री ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनीष कुमार, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय अलेवा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूरण सिंह, थाना प्रभारी, सफीदों ने शिरकत की। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता, फोक इंस्ट्रूमेंटल सोलो, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सोलो, क्विज प्रतियोगिता, मोनो एक्टिंग, भाषण प्रतियोगिता, काव्य संगोष्ठी (पोएटिक सिम्पोजियम) तथा हरियाणवी परंपरा पर आधारित प्रस्तुतियाँ दी गईं। सभी प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का उत्साह, कला कौशल एवं सांस्कृतिक चेतना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के प्रोजेक्टर का कार्य विकास बंसल एवं श्रीमती मोनिका द्वारा संभाला गया, जिनके कुशल समन्वय से समस्त प्रतियोगिताएँ सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की संयोजिका साजिया मैडम एवं डॉ. सुनील देवी रहीं। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को तैयार करवाने में तबला वादक अमित ने अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावशाली एवं सजीव बन सका।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. रुचि भारद्वाज द्वारा किया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
हरियाणवी डांस में आँचल ने प्रथम स्थान, शीतल ने द्वितीय स्थान तथा मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पंजाबी डांस में अंजली ने प्रथम, नेहा ने द्वितीय तथा पल्लवी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
ड्युएट डांस में शीतल और खुशी ने प्रथम स्थान, नेहा और आँचल ने द्वितीय स्थान तथा प्रीति और मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में सांस्कृतिक समिति द्वारा प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया को उनके उत्कृष्ट दिशा-निर्देशन एवं सफल नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजिका ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली समस्त सांस्कृतिक समिति एवं सभी सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।