अमृत भारत योजना की सौगात, कालका रेलवे स्टेशन का हुआ पुनर्विकास और लोकार्पण
Amrit Bharat Scheme
कालका: भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस कर 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए गए कालका रेलवे स्टेशन सहित देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भव्य लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से लाइव जुड़कर इन सभी आधुनिक रेलवे स्टेशनों को देश की जनता को समर्पित किया।
कालका रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस गरिमामयी मुख्य कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे, जबकि सांसद कार्तिकेय शर्मा इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहे।
लोकार्पण समारोह के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने इसे देश और प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। आज कालका जैसे ऐतिहासिक और पुराने स्टेशन को भी उसका असली हक मिला है, जिसका नया और आधुनिक रूप सबके सामने है।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने जींद और हरियाणा की पावन धरा से शुरू होने जा रही हाइड्रोजन ट्रेन की बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि इसे कोई छोटी उपलब्धि मत समझिए। विश्व में केवल चार ही ऐसे देश हैं जहां हाइड्रोजन ट्रेन चलती है और अब भारत भी इस लीग में शामिल हो गया है। यह ट्रेन न केवल पर्यावरण को प्रदूषण से बचाएगी, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण (साउंड पोल्यूशन) भी खत्म होगा। कालका और अंबाला जैसे क्षेत्रों में जहां एक बहुत बड़ी आबादी रेलवे व्यवस्थाओं से सीधे जुड़ी है, वहां रोज की आवाजाही में लोगों को होने वाली दिक्कतों से बड़ी राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी के विजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने दो साल पहले क्लीन एनर्जी के लिए जो प्रतिबद्धता जताई थी, उसे आज धरातल पर उतार कर दिखा दिया है। यह हरियाणा की जनता का सौभाग्य है कि इस ऐतिहासिक शुरुआत के लिए जींद की पावन धरा को चुना गया। उन्होंने कहा कि 'दूध-दही का खाना, ऐसा मेरा हरियाणा' की तर्ज पर प्रधानमंत्री जी हरियाणा को और यहां की हर विशेषता को बहुत गहराई से जानते हैं। आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है जो प्रधानमंत्री जी के हरियाणा के प्रति विशेष प्रेम और स्नेह को दर्शाता है।
मैं समझता हूँ कि सिर्फ इतनी ही नहीं, जो विशेषता माननीय प्रधानमंत्री जी ने जींद की बोली—चाहे वहाँ पे उसकी धार्मिक विशेषता है, चाहे पांडु पिंडारा की विशेषता है, रामराय की विशेषता है, या जींद की अपनी विशेषता है माता रानी की—तो इन सब विषयों को उन्होंने सामने रखा। और मुझे लगता है कि बहुत ही सकारात्मक सोच के तहत यह जो शुरुआत की है, इसका बहुत पॉजिटिव मैसेज गया है पूरे हरियाणा वासियों को। आज हम कालका रेलवे स्टेशन के परिसर में खड़े हैं और आपने नवीनीकरण देखा है कालका रेलवे स्टेशन का। ऐसे अन्य 'अमृत काल' के तहत, 'अमृत स्टेशन' के तहत लगभग 75 स्टेशनों का नवीनीकरण हुआ है।आज यह सौभाग्य है कि आज कालका के अंदर भी, जो इतना पुराना स्टेशन है, उसको भी अपना हक मिला है। और जैसे कहा था ना कि हवाई चप्पल वाले की चिंता भी करेंगे और हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज में भी ले जाएँगे, आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने उसी का एक बहुत ही अच्छा उदाहरण लोगों के सामने प्रस्तुत किया है।