नवनिर्माण के 9 वर्ष: ₹9.12 लाख करोड़ का बजट और खुशहाल अन्नदाता का संकल्प

नवनिर्माण के 9 वर्ष: ₹9.12 लाख करोड़ का बजट और खुशहाल अन्नदाता का संकल्प

A Budget of ₹9.12 Lakh Crore and a Pledge

A Budget of ₹9.12 Lakh Crore and a Pledge

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों के संकलन ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ पुस्तक का बुधवार को लोक भवन में विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं वित्त व संसदीय कार्य सुरेश कुमार खन्ना भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि नौ वर्ष हुए हैं तो पहली अप्रैल से जो हमारा बजट है उसमें प्रदेश के विकास के लिए नौ लाख 12 हज़ार करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। वित्त मंत्री खन्ना जी ने आपके लिए नौ लाख 12000 करोड़ का बजट बनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को इन नौ वर्षों की उपलब्धियों के लिए हृदय से बधाई देते हुए कहा कि यह परिवर्तन 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।

लगभग नौ लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट उत्तर प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास को नई गति देगा। यह बजट प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और यह परिवर्तन आने वाले वर्षों में और अधिक व्यापक रूप में दिखाई देगा।

पहला निर्णय अन्नदाताओं की ऋण माफी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में शपथ लेने के बाद हमारी सरकार का पहला और बड़ा निर्णय किसानों की ऋण माफी का था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार ने पहला निर्णय अन्नदाता किसानों के लिए लिया था। वह निर्णय ऋण माफी का था। ऋण माफी से आज किसान सम्मान निधि तक की इस यात्रा में उत्तर प्रदेश की ग्रोथ रेट एग्रीकल्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व है। यह साढ़े आठ प्रतिशत से बढ़कर के यह 18 फीसदी हुआ है। 18 फीसदी देश के अंदर आज के दिन पर उत्तर प्रदेश कृषि विकास के सबसे तेज गति के साथ आगे बढ़ने वाला राज्य है।

अन्नदाता किसान आत्महत्या नहीं करता

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हमारा अन्नदाता किसान आत्महत्या नहीं करता है। अकेले गन्ना किसानों के बारे में जो चर्चा हो रही थी, याद करिए 2012 से लेकर के 2017 के बीच कुल 95 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ। हमने 17 से अब तक इन नौ वर्षों में 3 लाख 16 हजार 800 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य का भुगतान अन्नदाता किसान को किया है। कोई तुलना है 95 हजार में और 3 लाख 16 हजार 800 करोड़ रुपये में? यह है परिवर्तन। यह सरकार के वह कार्यक्रम और वह योजनाएं हैं, जिन्होंने अन्नदाता किसान को उत्पादक बनाया। सपा, कांग्रेस और बसपा ने जिस अन्नदाता किसान को कर्जदाता बनाया था, हमने आज उसे कर्जदाता से उभार करके हमने प्रदेश के अंदर उत्पादक की श्रेणी में फिर से लाकर के उसे फिर से खुशहाल बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।

तोड़ा नोएडा जाने पर कुर्सी गंवाने का मिथक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले सत्ता पर काबिज लोग हमारी आस्था को अंधविश्वास बोलते थे और वे नोएडा नहीं जाते थे। उनको लगता था नोएडा जाएंगे तो कुर्सी से उतर जाएंगे। जब मैं आया और मुझे मुख्यमंत्री का दायित्व दिया गया, तो मैंने कहा भी नोएडा जाएंगे। लोगों ने कहा मुख्यमंत्री नोएडा जाता है तो हट जाता है। मैंने कहा भी कुर्सी बाद में जाए, आज जाए अच्छा आज ही चली जाए, लेकिन नोएडा जाएंगे। अगर प्रदेश का भला होगा तो हम नोएडा जाएंगे और नोएडा के विकास की जो वहां पर बैरियर हैं, इन बैरियर को हटाएंगे

प्रदेश सरकार ने बुधवार को योगी आदित्यनाथ सरकार के विकास एवं सतत समृद्धि के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। योगी आदित्यनाथ ने पहली बार 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। इसके बाद 25 मार्च 2022 को उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी लिहाज से योगी आदित्यनाथ सरकार के बुधवार को नौ वर्ष पूरे हो गये।