हरदोई में 92 किमी लिंक एक्सप्रेसवे से यात्रा, व्यापार और निवेश में बढ़ोतरी

हरदोई में 92 किमी लिंक एक्सप्रेसवे से यात्रा, व्यापार और निवेश में बढ़ोतरी

92 km link expressway in Hardoi boosts travel

92 km link expressway in Hardoi boosts travel

  1. 92 किमी लिंक एक्सप्रेसवे गंगा-आगरा एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा।

  2. यूपी सरकार ने परियोजना के लिए बजट में धनराशि दी।

  3. हरदोई को यात्रा, व्यापार, निवेश और रोजगार में लाभ।

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित 92 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से हरदोई सहित आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार ने बजट में इस परियोजना के लिए धनराशि का प्रावधान कर इसे और गति दे दी है, जिससे आने वाले समय में यात्रा, व्यापार और निवेश की राह आसान होगी।

गंगा एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने के लिए स्वीकृत लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रही है। वर्ष 2025 के बजट में प्रदेश सरकार ने 92 किलोमीटर लंबे इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए 900 करोड़ रुपये अवमुक्त किए थे। तभी से उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) और राजस्व विभाग भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।

बुधवार को पेश हुए प्रदेश के बजट में भी इस परियोजना के लिए धनराशि प्रस्तावित कर सरकार ने इसे प्राथमिकता देने का स्पष्ट संकेत दिया है। यह लिंक एक्सप्रेसवे हरदोई के सवायजपुर तहसील क्षेत्र के कौशिया गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसके निर्माण के लिए मरकड़ा, कनकापुर उबरिया, सरसई, तिमिरपुर, सैदापुर और रायपुर गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद यह मार्ग गंगा एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा।

इस लिंक के बन जाने से हरदोई जिले के लोगों को लखनऊ, मेरठ और प्रयागराज तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। साथ ही मध्य प्रदेश, झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों को भी तेज और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। अभी इन स्थानों तक पहुंचने में जहां अधिक समय और अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, वहीं लिंक एक्सप्रेसवे बनने से यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

जानकारों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले में व्यापार, परिवहन, कृषि उत्पादों की आपूर्ति और औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा देगा। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। गंगा और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला यह लिंक एक्सप्रेसवे हरदोई के लिए विकास की नई धुरी साबित हो सकता है, जिससे जिलावासियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।