मेरठ में एसआईआर नोटिस सुनवाई का कार्य 73 प्रतिशत पूरा

मेरठ में एसआईआर नोटिस सुनवाई का कार्य 73 प्रतिशत पूरा

73% of the work of hearing SIR notices in Meerut

73% of the work of hearing SIR notices in Meerut

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि प्रदेश में एसआईआर के नोटिसों की सुनवाई का कार्य 73 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मेरठ यह 61 प्रतिशत है। इस कम गति के कारणों की तलाश की जा रही है। गति बढ़ाने के लिए बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।

आकलन के मुताबिक प्रदेश में अभी तीन करोड़ नए मतदाता बनाए जा सकते हैं। कुल 16 करोड़ मतदाता होने चाहिए। अभी तक 12.55 करोड़ के नाम सूची में आये हैं। अभी नए मतदाता के लिए 78 लाख फार्म मिले हैं। अधिकारियों को इस दिशा में काम करना होगा। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने बीएलओ द्वारा फार्म 06 लेने में आनाकानी किए जाने की शिकायत की है। जिसके लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं।

26 मार्च से पहले ही पूरी होगी सुनवाई

सीईओ नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को दिन भर के कार्यक्रम के बाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरठ में नोटिसों की सुनवाई की गति धीमी जरूर है, लेकिन 26 मार्च से पहले ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।

एसआईआर संबंधी शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। वहीं बुक ए काल विद बीएलओ सुविधा पर काम करने में प्रदेश का देश में दूसरा स्थान है। पहले स्थान पर मिजोरम है, जिसकी कॉल रिक्वेस्ट नाममात्र की हैं, जबकि प्रदेश में रिक्वेस्ट की संख्या छह लाख से ज्यादा है।

कहा कि एसआईआर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा संख्या में नए मतदाता जोड़ने का है। बीएलओ से कहा गया है कि फार्म 06 में भी मतदाता का नाम, पता, फोटो सहीं भरें। ताकि बाद में मतदाता को समस्या न हो। लोगों को आनलाइन फार्म 06 भरने के लिए प्रेरित करें। जिससे बीएलओ का ही काम कम होगा।

15 दिन के भीतर मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर मतदाता का नाम सूची में शामिल होने के 15 दिन के भीतर मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने शिकायत पर फार्म 06 लेने में आनाकानी करने वाले बीएलओ पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग मतदाता सूची से बाहर हो गए हैं। उनके फार्म भरवाने होंगे। महिलाओं और युवा वर्ग मतदाताओं की संख्या भी अनुमान से कम है। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी डा. वी के सिंह, एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ मौजूद रहे।

इससे पूर्व उन्होंने जाग्रति विहार स्थित रजपुरा ब्लाक कार्यालय के सभागार में संचालित सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया। वहां मतदाताओं से बात की। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। अधिकारियों के साथ बैठक में एसआईआर अभियान की समीक्षा की। बीएलओ और उनके सुपरवाईजरों के साथ संवाद करके ज्यादा से ज्यादा नए मतदाता बनाने की अपील की।