मैनपुरी में ट्रक से 500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

मैनपुरी में ट्रक से 500 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

500 cases of English liquor recovered from truck

500 cases of English liquor recovered from truck

मैनपुरी। कुरावली पुलिस ने गुरुवार शाम चेकिंग के दौरान ट्रक से तस्करी कर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 500 पेटी बरामद की हैं। पुलिस ने एक तस्कर भी गिरफ्तार किया है। शराब की पेटियां ट्रक के अंदर खील की बोरियों में छिपाकर रखी गई थीं। बरामद शराब को पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा था। जहां होली त्योहार को लेकर इसकी बिक्री करनी थी। पकड़े गए तस्कर और बरामद शराब के बारे में एसपी ने जानकारी दी है।

एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस लाइन के सभागार में बरामद शराब के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम सात बजे के करीब कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी सर्विलांस टीम के साथ नेशनल हाइवे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एटा की ओर से आ रहे ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक दौड़ा दिया।

संदेह होने पर पीछा कर कुरावली पुल के नीचे ट्रक की घेराबंदी कर ली। टीम ने जब तलाशी ली तो उसमें रखी खील की बोरियों के अंदर अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस चालक और चालक को थाने ले आई। जहां ट्रक से 500 पेटियां बरामद हुई हैं।

चालक ने अपना नाम हनुमान राम निवासी गांव राणासर कल्ला धोरिमाना, बाड़मेर राजस्थान बताया है। उसने बताया कि वह बरामद शराब को पंजाब से तस्करी कर शराब को बिहार में ले जा रहा था। होली त्योहार को लेकर इसकी बिक्री होनी थी, लेकिन रास्ते में वह पकड़ा गया। पुलिस ने तस्कर को न्यायालय पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

बिहार में है शराब बंदी, होली पर जमकर होती बिक्री

एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने बरामद शराब की कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई है। उन्होंने बताया कि बरामद शराब रायल चैलेंजर और मैकडावल्स ब्रांड की है। बिहार में शराब बंदी लागू है। इसी का फायदा उठाकर तस्कर शराब को होली पर बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहा था। आरोपित के खिलाफ कुरावली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।