अमेरिका में 30 भारतीय ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, अवैध रूप से रह रहे थे, होंगे डिपोर्ट
30 Indians Arrested In America
न्यूयार्क: 30 Indians Arrested In America: अमेरिका में गैर-कानूनी रूप से रह रहे करीब 30 भारतीय लोगों को एक फेडरल ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किया गया है और जल्द ही उन्हें डिपोर्ट कर दिया जाएगा. जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे.
अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन ने सोमवार को एक बयान में यह बताया कि 11 से 15 मई के हफ्ते में, एरिजोना के युमा सेक्टर से बॉर्डर पेट्रोल एजेंटों ने 'ऑपरेशन चेकमेट' के दौरान 52 लोगों को गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका में रहने के लिए गिरफ्तार किया था, जिनमें 36 लोग सेमी-ट्रक चलाते हुए पाए गए. अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार गिरफ्तार किए गए 36 गैर-कानूनी सेमी-ट्रक ड्राइवरों में से 30 भारतीय थे, जबकि बाकी छह मेक्सिको, अल साल्वाडोर और रूस के थे.
उनके पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस थे, जबकि कुछ के पास किसी भी तरह का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. ज्यादातर के पास एम्प्लॉयमेंट ऑथराइजेशन डॉक्यूमेंट थे, जो पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन प्रशासन के दौरान मिले थे और अब वैलिड नहीं थे. सभी लोगों पर फेडरल कानून के हिसाब से कार्रवाई की गई और उन्हें डिपोर्ट कर दिया जाएगा.
बता दें, ऑपरेशन चेकमेट का मकसद इमिग्रेशन कानूनों को लागू करके पब्लिक सुरक्षा को बढ़ाना है, ताकि देश में कमर्शियल मोटर गाड़ियां चलाने वाले गैर-कानूनी लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल के युमा सेक्टर के एक्टिंग चीफ पेट्रोल एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा कि ऑपरेशन चेकमेट, समुदायों और सड़कों को गैर-कानूनी तरीके से मौजूद ड्राइवरों से बचाने के हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है, जो पब्लिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा करते हैं. फेडरल एजेंट हर दिन पेट्रोलिंग पर रहते हैं ताकि 'हम इन लोगों को रोक सकें और पूरे देश में सड़कों पर और जानलेवा हादसों को रोक सकें.'
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में, डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन ने एक ऑर्डर जारी किया था ताकि अनक्वालिफाइड विदेशी ड्राइवरों को कमर्शियल ट्रक और बस चलाने का लाइसेंस न मिले. पिछले कुछ महीनों में, अमेरिका में कमर्शियल गाड़ियां चलाते समय जानलेवा एक्सीडेंट करने के आरोप में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया है और उन पर चार्ज लगाया गया है.