25 checkpoints, 800 policemen deployed for Holi (Dhulandi) on the instructions of Hemendra Kumar Meena

हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर होली (धुलंडी) के लिए 25 नाके, 800 पुलिसकर्मी तैनात

undefined

25 checkpoints, 800 policemen deployed for Holi (Dhulandi) on the instructions of Hemendra Kumar Mee

होली (धुलंडी) के अवसर पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर पूरे जिले में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों और नशे में हुड़दंग करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 25 नाके स्थापित किए गए हैं, जिनमें 20 स्थानीय और 5 इंटरस्टेट नाके शामिल हैं। इन सभी नाकों पर 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एल्को-सेंसर (एल्कोमीटर) के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न गांवों में आयोजित होने वाले 22 मेलों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 350 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए 42 राइडर टीमें, 25 ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन) और 8 पीसीआर वाहन लगातार गश्त करेंगे।

एसपी हेमेंद्र मीणा ने स्पष्ट कहा कि होली के पावन पर्व में खलल डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि रंगों के इस त्योहार को भाईचारे, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा नशे में वाहन चलाने से बचें।

त्योहार के दिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए भी विशेष पहल की गई है। डीएसपी हैडक्वार्टर डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार संबंधित एसएचओ, डीएसपी और स्वयं एसपी विभिन्न नाकों पर पहुंचकर ड्यूटी पर मौजूद जवानों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से होली का पर्व मनाएं, ताकि त्योहार खुशी और शांति के माहौल में संपन्न हो सके