पालमपुर कृषि विवि का 17वां दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 638 विद्यार्थियों को सौंपेंगी डिग्रियां

पालमपुर कृषि विवि का 17वां दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 638 विद्यार्थियों को सौंपेंगी डिग्रियां

17th Convocation of Palampur Agricultural University

17th Convocation of Palampur Agricultural University

 पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में वीरवार को 17वां दीक्षा समारोह मनाया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी और मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां व गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। समारोह में कुल 638 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 504 स्नातकोत्तर और 134 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। 

सभागार में 193 स्नातकोत्तर व 64 पीएचडी शोधार्थी मौजूद रहेंगे। इसके इलावा विभिन्न संकायों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 9 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह व कृषि मंत्री चंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

9.40 बजे पहुंचेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु वीरवार को सुबह 9.40 बजे हेलीकाप्टर से कृषि विवि खेल मैदान स्थित हेलीपैड में उतरेंगी। खेल मैदान में गोल्ड पदक व विभिन्न अतिथियों के साथ सामूहिक फोटोग्राफ के बाद राष्ट्रपति, राज्यपाल व अतिथियों को सभागार में लाया जाएगा।

9.50 बजे शुरू होगा कार्यक्रम

कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9.50 पर अकादमिक शोभायात्रा के साथ होगी, जिसके बाद वंदे मातरम और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा। 

ये रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल

विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार पांडा स्वागत भाषण देंगे और संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी अपना संबोधन देंगे। इसके पश्चात राष्ट्रपति विद्यार्थियों मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल और डिग्रियां प्रदान कर सम्मानित करेंगी व छात्रों को अपना संबोधन देंगी। राष्ट्रपति 10.40 बजे शिमला लौट जाएंगी। 

विद्यार्थियों के लिए होगा यादगार पल

यह दीक्षा समारोह विद्यार्थियों के लिए एक यादगार पल साबित होगा, जहां उन्हें उनकी मेहनत और उपलब्धियों के लिए देश की प्रथम नागरिक के हाथों सम्मानित होने का अवसर मिलेगा।

द्रौपदी मुर्मु का कांगड़ा जिले का दूसरा दौरा
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जिला कांगड़ा का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मई 2024 में केंद्रीय विश्व विद्यालय धर्मशाला के दीक्षा समारोह की गरिमा को बढ़ाकर मेधावियों को सम्मानित कर चुकी हैं।