मथुरा में पुलिस मुठभेड़: टैंटीगांव डकैती के दो बदमाश ढेर, 17 टीमों ने चलाया था बड़ा ऑपरेशन
Police Encounter in Mathura
मथुरा। Police Encounter in Mathura, सुरीर के टैंटीगांव में डकैती करने के दो बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार सुबह मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।
पुलिस की गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदमाशों की तलाश में पुलिस की 17 टीमें लगी हुई थीं।
मुठभेड़ में दो पुलिस कर्मी भी घायल हैं। एक स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और स्वाट टीम का सिपाही शामिल है
नकाबपोश बदमाशों ने सुरीर के टैंटीगांव में 23 अप्रैल की रात व्यवसायी अजय अग्रवाल के मकान में घुसकर उनको व स्वजन को बंधक बनाकर 3.22 लाख रुपये और करीब 12 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। बदमाश मकान को दो घंटे तक खंगालते रहे।
पुलिस की 17 टीमें कर रही थीं तलाश
दुकान में लगे सीसीटीवी तोड़ दिए और डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गए थे। घटना के राजफाश के लिए एसएसपी ने 17 टीमें लगाईं। बदमाशों के पीछे लगी पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए अलीगढ़ जिले के खैर कस्बा तक पहुंच गई।

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने की पहचान
यहां पर नकाबपोश बदमाशों ने 25 अप्रैल की रात एक व्यापारी के घर पर भी डकैती का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। पुलिस को बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फुटेज के आधार पर कुछ बदमाशों को चिह्नित कर लिया गया।
सीओ मांट संदीप सिंह ने बताया कि टैंटीगांव में गुरुवार सुबह सात बजे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से पप्पू उर्फ राजेंद्र और धर्मवीर घायल हो गए है। दोनों को अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
राजस्थान के रहने वाले थे दोनों बदमाश
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि दोनों बदमाश राजस्थान के कोटपुतली के रहने वाले थे। एक का परिचय धर्मवीर उर्फ लम्बू पुत्र रमेश निवासी गांव बोकाली थाना गहनौलीमोड जिला भरतपुर राजस्थान और दूसरा पप्पू उर्फ राजेन्द्र पुत्र हनुमान सिंह निवासी अम्बेडकर नगर, बेहरोर जनपद कोटपुतली राजस्थान है