जल जीवन मिशन में अनियमितता पर 12 इंजीनियरों को निलंबित, चार के खिलाफ जांच

जल जीवन मिशन में अनियमितता पर 12 इंजीनियरों को निलंबित, चार के खिलाफ जांच

12 Engineers Suspended Over Irregularities in Jal Jeevan Mission

12 Engineers Suspended Over Irregularities in Jal Jeevan Mission

लखनऊ। 12 Engineers Suspended Over Irregularities in Jal Jeevan Mission, गांवों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए चल रही जल जीवन मिशन योजना में लापरवाही-अनियमितता पर इंजीनियरों-कर्मचारियों के खिलाफ ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नमामि गंगे विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने फर्मों के बिलों का भुगतान समय पर न करने और अनियमितता के आरोप में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर रैंक के 12 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है, जबकि चार अधिशासी अभियंताओं विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

परियोजना के कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर तीन अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं अलग-अलग शिकायतों पर सात इंजीनियरों का तबादला कर दिया गया है।

निलंबित होने वालों में लखीमपुर खीरी के अधिशासी अभियंता अविनाश गुप्ता, जौनपुर के अधिशासी अभियंता सौमित्र श्रीवास्तव, गाजीपुर के अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी, चंदौली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता अमित राजपूत, चंदौली के सहायक अभियंता सीताराम यादव, बिजनौर के सहायक अभियंता अकबर हसन, औरैया के जूनियर इंजीनियर अनुराग गोयल, हाथरस के कुलदीप कुमार सिंह, आजमगढ़ के राजेंद्र कुमार यादव, बरेली के रूप चंद्र, बाराबंकी के जूनियर इंजीनियर अवनीश प्रताप सिंह और कुशीनगर के कार्यवाहक खंडीय लेखाकार धर्मप्रकाश महेश्वरी शामिल हैं।

इन सभी पर फर्म के बिलों का भुगतान जानबूझकर लंबित रखने, लापरवाही, गड़बड़ी और अनियमितता के आरोप हैं। जिनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं, उनमें औरैया के अधिशासी अभियंता अमन यादव, मैनपुरी के अधिशासी अभियंता अंकित यादव, प्रयागराज के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी, शामली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता फूल सिंह यादव शामिल हैं। वहीं गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता भारत भूषण, आगरा में तैनात अमित कुमार और मीरजापुर में तैनात राजेश कुमार गुप्ता को लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

इनके अलावा सहायक अभियंता विपिन कुमार वर्मा को प्रतापगढ़ से चंदौली स्थानांतरित कर दिया गया है। रामपुर में तैनात मो. असजद को रामपुर से चंदौली, प्रदीप कुमार मिश्रा को बाराबंकी से बिजनौर, उदयराज गुप्ता को चंदौली से रामपुर, अमित कुमार को शामली से बाराबंकी, चंद्र बोध त्यागी को मैनपुरी से आजमगढ़ और जूनियर इंजीनियर अजय कुमार को कौशांबी से आजमगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया है।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य सरकार हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर काम कर रही है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का पालन जरूरी है। यदि कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं करते हैं, तो बर्खास्तगी की भी कार्रवाई होगी।