नगर निगम भवन में हंगामा: वेतन न मिलने पर कर्मी ने जॉइंट कमिश्नर के दफ्तर में खुद को किया बंद
- By Gaurav --
- Thursday, 12 Feb, 2026
नगर निगम भवन में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन से जुड़े एक कर्मी ने जॉइंट कमिश्नर हिमांशु गुप्ता के कार्यालय में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
घटना उस वक्त हुई जब जॉइंट कमिश्नर निगम सदन की बैठक में जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से भवन में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
कर्मी की पहचान सुरिंदर के रूप में हुई है। कार्यालय के अंदर जाने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन ऑन किया और सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपनी परेशानी सार्वजनिक रूप से बतानी शुरू कर दी।
सुरिंदर का आरोप है कि उसे पिछले तीन महीनों — नवंबर, दिसंबर और जनवरी — का वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने के कारण वह गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
उसने कहा कि कई बिल लंबित हैं और उन पर जुर्माना भी लग रहा है। सुरिंदर ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उसके खाते में वेतन आने का संदेश नहीं मिलेगा, वह दरवाजा नहीं खोलेगा। साथ ही, उसने अपनी किसी भी संभावित अनहोनी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
घटना की सूचना मिलते ही निगम कर्मचारियों ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाइश की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से वेतन जारी करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद पुलिस कमरे के अंदर पहुंची और कर्मी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते निगम सदन की बैठक लगभग 15 से 20 मिनट की देरी से शुरू हो सकी।
मामले की जांच जारी है।