VIP कार छोड़, कूड़ा गाड़ी में सवार हो गए योगी के ये मंत्री, देख लोग रह गए हैरान
Yogi's Minister in Garbage Vehicle
कन्नौज। Yogi's Minister in Garbage Vehicle: सदर विधायक व समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण जापान के गेंबा वॉक की तर्ज पर कूड़ा गाड़ी में बैठकर शहर में घूमे और सफाई-व्यवस्था में आने वाले बाधाओं को समझा। अधिकारियों से वार्ता कर सुधार लाने के निर्देश दिए। इस दौरान शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अधिकारियों से लेकर आम लोगों को प्रेरित किया।
असीम अरुण ने रविवार की शाम दो घंटे सफाई कर्मचारियों के साथ बिताए। इस दौरान वह मास्क लगाकर कूड़ा गाड़ी में सवार हुए। कूड़ा एकत्र करने में आने वाली समस्याओं की जानकारी की। कुछ स्थानों पर मिली गंदगी को देखकर स्थानीय लोगों से बेहतर सफाई के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के साथ भ्रमण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।
बताया कि जापान की मैनेजमेंट प्रक्रिया गेंबा वाक से वह प्रभावित हुए हैं। इस प्रक्रिया का मतलब फैक्ट्री, प्लांट व अन्य स्थानों पर कर्मचारियों के साथ लोग खड़े होकर समस्याओं को समझने के साथ सुधार पर शोध करना है। इससे उन्होंने भी शहर में कूड़ा व्यवस्था को सफाई कर्मचारियों के साथ रहकर समझा है। उन्होंने कहा कि नगर में कई जगह सड़क पर महिलाएं गोबर के कंडे पाथने लगती हैं। इससे यहां गंदगी बनी रहती है। इस अव्यवस्था को ठीक कराया जाएगा। कूड़ा वाहन तेज गति में दौड़ते हैं। इससे कूड़ा ब्रेकर आने पर सड़क पर बिखर जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों से वार्ता कर कूड़ा व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं गेंबा वाक की तरह अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को समझ कर सुझाव व सुधार करने के लिए आगे आना चाहिए।
राज्यमंत्री ने नगर पालिका को दिए सुझाव
- सफाई कर्मचारियों को रोस्टर के हिसाब से एक दिन का साप्ताहिक अवकाश दिया जाए।
- पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए ई-वाहनों को प्रयोग किया जाए।
- कूड़ा वाहन में दो चालकों की तैनाती निर्धारित की जाए।
- पन्नी में कूड़ा भरकर फेंकने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
- नालों में गंदगी अधिक प्रवाहित होने वाले मुहल्लों में फिल्टर जाली लगाई जाए।
- नगर पालिका अध्यक्ष और अधिकारियों को स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ भ्रमण कराना चाहिए।