अलीगढ़ को योगी सरकार की ऐतिहासिक सौगात: 57 करोड़ की लागत से तैयार हुआ ओलंपिक स्टैंडर्ड इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जल्द होगा उद्घाटन

अलीगढ़ को योगी सरकार की ऐतिहासिक सौगात: 57 करोड़ की लागत से तैयार हुआ ओलंपिक स्टैंडर्ड इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जल्द होगा उद्घाटन

1000226216

Yogi government's historic gift to Aligarh: Olympic standard indoor sports

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए योगी सरकार अलीगढ़ मंडल को एक ऐतिहासिक सौगात देने जा रही है। अलीगढ़ में 13,000 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में फैला और 57 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना ओलंपिक स्टैंडर्ड इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अब पूरी तरह बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इस अत्याधुनिक परिसर को जनता और खिलाड़ियों को समर्पित करेंगे, जो पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खेल परिदृश्य को बदल कर रख देगा।

अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर तैयार खेल सुविधाएं

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार, यह इस मंडल का पहला ऐसा खेल परिसर है जहां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है। कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी यूएसपी इसका राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल है, जो आधुनिक तकनीक से लैस है। इसके अलावा, परिसर में बने विशाल मल्टीपर्पज हॉल में बैडमिंटन और बास्केटबॉल के इंटरनेशनल स्टैंडर्ड कोर्ट, एक शानदार बिलियर्ड्स रूम और एथलीटों की फिटनेस के लिए एक हाईटेक जिम की व्यवस्था की गई है।

सिर्फ ट्रेनिंग सेंटर नहीं, बनेगा 'स्पोर्ट्स हब'

इस कॉम्प्लेक्स को केवल एक अभ्यास केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि बड़े आयोजनों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। बड़े मुकाबलों के दौरान दर्शकों के रोमांच को बढ़ाने के लिए यहाँ एक अत्याधुनिक स्पेक्टेटर गैलरी (दर्शक दीर्घा) बनाई गई है। इसके साथ ही, वीआईपी रूम, मीडिया रूम और एक आधुनिक लाउंज एरिया भी तैयार किया गया है, जिससे अलीगढ़ भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं और चैंपियनशिप की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह सक्षम हो गया है।

स्थानीय और वंचित प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान

प्रशासन का मानना है कि इस स्पोर्ट्स हब के चालू होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अब पेशेवर प्रशिक्षण के लिए दिल्ली, नोएडा या लखनऊ जैसे बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा उन ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिलेगा, जो पैसों की कमी के कारण बड़े शहरों में जाकर कोचिंग नहीं ले पाते थे। अब उन्हें अपने घर के पास ही विश्वस्तरीय संसाधन मिलेंगे।

 

अलीगढ़ की बदलेगी वैश्विक पहचान

अब तक अपनी ऐतिहासिक यूनिवर्सिटी और ताला उद्योग के लिए दुनिया भर में मशहूर अलीगढ़, अब खेल प्रतिभाओं के नए पावरहाउस के रूप में उभरने को तैयार है। स्थानीय खेल प्रेमियों और युवाओं में इस परिसर को लेकर भारी उत्साह है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘खेलेगा यूपी, खिलेगा यूपी’ विजन को साकार करती यह परियोजना आने वाले समय में अलीगढ़ को उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में स्थापित करेगी।