Yogi Adityanath Reviews PWD

सड़कों के निर्माण में तेजी लाएं, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: योगी आदित्यनाथ

undefined

Yogi Adityanath Reviews PWD

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के एनेक्सी भवन में गोरखपुर एवं आजमगढ़ मंडल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने शासन तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दोनों मंडलों में संचालित पुरानी और गतिमान परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने मानसून से पहले की परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने और उन्हें समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव ने पिछले वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर प्राथमिकता तय कर सड़कों के निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराए जाएं, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि जून माह के अंत तक सभी आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां प्राप्त कर ली जाएं तथा इसके तुरंत बाद परियोजनाओं का शिलान्यास कराया जाए। साथ ही सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही कार्य शुरू किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बीच में बाधित न हो और समय पर पूरे किए जा सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कार्य कराए जाएं। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय पर धनराशि स्वीकृत हो सके और टेंडर प्रक्रिया भी निर्धारित समय में पूरी हो।

उन्होंने संबंधित मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करें और निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखें, ताकि विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।