भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, पांचों आरोपी जेल भेजे गए

Another arrest made in the murder case of BJP leader Vinod Kashyap

Another arrest made in the murder case of BJP leader Vinod Kashyap

विकासनगर (देहरादून)। Another arrest made in the murder case , भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कश्यप के बहुचर्चित हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या अब पांच हो गई है।

वहीं, सोमवार को जब सहसपुर पुलिस पांचों आरोपितों को देहरादून न्यायालय में पेश करने पहुंची तो बड़ी संख्या में हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने आरोपितों तक पहुंचने और उनके विरुद्ध आक्रोश जताने का प्रयास किया।

इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे न्यायालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया गया।

न्यायालय में पेशी के बाद पांचों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

बैरागीवाला निवासी विनोद कश्यप की शनिवार की शाम खेत में पानी को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हथौड़े, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी।

इस हमले में विनोद कश्यप के अलावा उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और बहन सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हुए। अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में 12 नामजद और 30 से 35 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार रविवार को रज्जाक और उसके भाई जावेद, सलमान और शहबाज को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को पुलिस ने इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन निवासी लखनवाला को भी गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाल सहसपुर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि गिरफ्तार पांचों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस की गाड़ी से खींचने का प्रयास

न्यायालय परिसर के बाहर हिंदू जागरण मंच के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपितों को पुलिस संरक्षण दिया जा रहा है।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस के पीछे दौड़कर आरोपितों को पुलिस की गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास भी किया और जमकर हंगामा हुआ।

प्रदर्शन में रोहित मौर्य, राघव उपाध्याय, मुकेश आनंद, ललित बोरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बवाल में शामिल 150 अज्ञात पर मुकदमा

बैरागीवाला में भाजपा नेता हत्याकांड के बाद आरोपितों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस पर पथराव के मामले में सहसपुर पुलिस ने 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान का काम तेज कर दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन से बनाए वीडियो और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की मदद से उपद्रवियों की पहचान कर रही है।

भाजपा के झंडे में लिपटकर पंचतत्व में विलीन

बैरागीवाला हत्याकांड में मारे गए भाजपा नेता विनोद कश्यप को सोमवार को भाजपा के झंडे में लपेटकर अंतिम विदाई दी गई।

तीन दिन तक चले गतिरोध, विरोध और प्रशासन के साथ लंबी वार्ता के बाद स्वजन पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने मोर्चरी में रखे शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और अपराह्न शव स्वजन को सौंप दिया।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। पांच आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए हैं और शेष आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
- प्रमेन्द्र डोबाल, एसएसपी देहरादून