आरेडिका में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत योग गोष्ठी एवं योग टॉक का आयोजन
Yoga Seminar and Yoga Talk Organized
Yoga Seminar and Yoga Talk Organized, अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 16.06.2026 को आरेडिका के सेंट्रल पार्क में सामूहिक योग का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा योगाभ्यास के महत्व को समझा।

दिनांक 17.06.2026 से 19.06.2026 तक योग विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, साइकिल रेस आदि किया गया छोटे-छोटे बच्चों ने योगाभ्यास किया तथा सभी को योग के लिए प्रेरित किया।

दिनांक 19.06.2026 को योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरेडिका चिकित्सालय द्वारा मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health) विषय पर एक विशेष गोष्ठी एवं योग सत्र आयोजित किया गया ।जिसमें डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, मंडल चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन एवं आत्मा के समन्वय का एक वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करने से मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच एवं एकाग्रता में वृद्धि होती है तथा मानसिक तनाव, अवसाद एवं चिंता जैसी समस्याओं के प्रबंधन एवं रोकथाम में सहायता मिलती है।

कार्मिक विभाग के नेतृत्व एवं राजभाषा विभाग के सहयोग से योग टॉक - योग के महत्व एवं उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यावहारिक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। योग टॉक कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रो. बी. के. भारद्वाज, बैसवारा डिग्री कॉलेज, लालगंज (रायबरेली) थे। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि किस प्रकार उचित समय एवं परिस्थितियों में योगाभ्यास कर अधिकतम स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के दौरान आरेडिका में प्रतिदिन नियमित योग सत्रों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
(आर एन तिवारी)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी