चंडीगढ़ में हीटवेव का येलो अलर्ट, तापमान 41°C तक पहुंचने की चेतावनी

चंडीगढ़ में हीटवेव का येलो अलर्ट, तापमान 41°C तक पहुंचने की चेतावनी

Yellow Alert for Heatwave in Chandigarh

Yellow Alert for Heatwave in Chandigarh

चंडीगढ़: Yellow Alert for Heatwave in Chandigarh: शहर में बढ़ती गर्मी अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। मौसम विभाग ने 21 से 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। खास बात यह है कि इस बार केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिलना मुश्किल हो सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री और न्यूनतम 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। बीते दिनों में शनिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था। अब अगले एक सप्ताह में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि रात का तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है। शनिवार-रविवार की रात न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी:

बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और खुद को हाइड्रेट रखें। नींबू पानी, लस्सी और अन्य प्राकृतिक पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। एडवाइजरी में कहा गया है कि दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें और हल्के व ढीले कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है, क्योंकि ये हीटवेव से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि अनावश्यक रूप से धूप में न निकलें और दोपहर के समय भारी काम करने से बचें। साथ ही शराब, चाय, कॉफी और अधिक शक्कर वाले पेय पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है।

आने वाले दिनों का हाल:

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मौसम साफ रहेगा और तापमान 38/21 डिग्री के आसपास रह सकता है। बुधवार और वीरवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन तापमान 39 से 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है।