हरियाणा में बदला मौसम, आज 6 जिलों में बारिश: 3 अक्टूबर को 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Sep, 2025

Weather changes in Haryana, rain in 6 districts today:
Weather changes in Haryana, rain in 6 districts today: हरियाणा में उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मंगलवार को गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल सहित छह जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। शेष जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2 अक्टूबर तक राज्य के छह से आठ जिलों में बारिश के आसार हैं। हालांकि, 3 अक्टूबर को हरियाणा के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बारिश के बाद हल्की ठंड महसूस की जा सकती है।
डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में यह परिवर्तन आया है। इसके चलते 3 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान दक्षिण हरियाणा के कुछ जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना है।
हवाओं में बदलाव और उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 अक्टूबर को चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
2 अक्टूबर के लिए हरियाणा के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं, जहां कुछ क्षेत्रों में बरसात की संभावना है।
वहीं, 3 अक्टूबर को हरियाणा के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट है। फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के अधिकांश इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी और गुरुग्राम में हल्की बारिश हो सकती है।