रेवाड़ी और धारूहेड़ा में निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू, बूथों पर दिखा मतदाताओं का उत्साह
Voting begins for civic polls in Rewari and Dharuhera
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी व धारूहेड़ा शहर में निकाय चुनाव के तहत रविवार सुबह माकपोल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गया। सभी मतदान केंद्रों पर तय समय पर पोलिंग पार्टियों के एजेंटों ने मशीनों की जांच कर माकपोल कराया, जिसके बाद आम मतदाताओं के लिए वोटिंग प्रक्रिया शुरू की गई।
कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। खासतौर पर महिला और बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। ईवीएम मशीनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
वहीं, उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर भी हर बूथ पर बनी हुई है। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
-1778387106155.jpeg)
दरअसल, रेवाड़ी नगर परिषद में 32 वार्डों में पार्षद के लिए 155 और चेयरपर्सन के छह और धारूहेड़ा नगर पालिका में 18 वार्डों में पार्षद पद के लिए 62 एवं चेयरमैन के लिए छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
रेवाड़ी नगर परिषद में एक लाख 15 हजार 157 मतदाता में 56 हजार 111 महिला मतदाता है। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में 23 हजार 112 मतदाता में 11 हजार 110 महिला मतदाता है।
सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
इसके साथ ही रेवाड़ी नगर परिषद में मतदान के लिए शहर में 35 स्थानों पर 99 पाेलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 29 संवेदनशील है। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में 14 स्थानों पर मतदान के लिए 27 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 11 संवेदनशील बूथ शामिल है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स के अलावा सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है।