यूपी में VIP का विस्तार: सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ने थामा मुकेश सहनी का हाथ
VIP expansion in UP: Subhaspa state president
पटना। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी इन दिनों यूपी में संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
इस बीच, यूपी की राजनीति के दिग्गज नेता सुहेलदेव भारती समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप और पूर्व राज्यमंत्री अच्छे लाल निषाद ने रविवार को अपने समर्थकों के साथ वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी को पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने सदस्यता दिलाई।
सहनी ने कार्यक्रम में कहा समाज अब अपने लीडर के साथ रहेगा न कि किसी लोडर के साथ। संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे समाज की भलाई नहीं चाहते, बल्कि भाजपा को सत्ता में लाना चाहते हैं और अपने परिवार को सेट करना चाहते हैं।
वे आज भाजपा के साथ हैं। वे निषाद को आरक्षण दिलवा दें, मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा, नहीं तो वे हमारे साथ आएं। समाज के अधिकार की लड़ाई हम मिलकर लड़ेंगे।
बढ़ रहा है कारवां
सहनी ने कहा कि वीआईपी का कारवां बढ़ चला है। हमारी बड़ी सेना तैयार हो रही है। भाजपा यदि निषाद को आरक्षण नहीं देती, तो आने वाले दिनों में हम उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।
भाजपा पर आक्रामक होते हुए कहा भाजपा संविधान को नहीं मानती। सत्ता में बने रहना ही उनका मकसद है। पश्चिम बंगाल चुनाव उदाहरण है।
खरे नहीं उतरे ओम प्रकाश राजभर
प्रेमचंद कश्यप ने वीआईपी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि ओम प्रकाश राजभर से प्रभावित होकर पार्टी में काम किया, लेकिन पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया था, जिसमें वे खरे नहीं उतरे।
वे निषाद, कश्यप आरक्षण की लड़ाई के लिए संघर्ष करेंगे। अच्छे लाल निषाद ने कहा कि वीआईपी की नीति को देख कर हमने इस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।