वाराणसी: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर कथित साजिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Varanasi: Shankaracharya Avimukteshwarananda
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रहने वाले एक शख्स ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर एफआईआर कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने कहा कि आशुतोष पांडेय ने उसे अपनी नाबालिग बेटियों के जरिये शंकराचार्य को फंसाने का प्रलोभन दिया था। युवक का दावा है कि उसने ऐसी साजिश रचने से इनकार कर दिया। यह बात उसने शंकराचार्य को वाराणसी पहुंचकर बताई है।
मीडिया से बातचीत में युवक ने कहा- 'मैं अपने घर में बैठा हुआ था। उस दौरान तीन लोग आए जिनको मैं जानता नहीं था। उन्होंने मेरे पिता जी का नाम लिया तो लगा कि कोई खास होगा। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एक मामला है, आप करा दीजिए। उन्होंने मेरी बात फोन के जरिये आशुतोष पांडेय से कराई। उन्होंने मुझसे कहा कि एक स्वामी जी हैं, उनको जरा ठीक करना है। आप शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर अपनी बेटियों के साथ गलत काम करने का आरोप लगा दें। इस पर मैंने कहा कि आप कैसी बात कर रहे हैं। आप कैसे इस बारे में सोच सकते हैं। इस पर आशुतोष पांडेय ने कहा कि हम आपकी सुरक्षा की पूरी गारंटी लेते हैं। मैं इसी बात को बताने के लिए शंकराचार्य के पास गया था। मेरा न तो आशुतोष पांडेय से कोई मतलब है और ना ही शंकराचार्य के मठ से।'
मेरे खिलाफ हो रही बड़ी साजिश: शंकराचार्यव्यक्ति के दावे सुनने के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि अब उनको लगता है कि उनके खिलाफ बड़ी साजिश हो रही है। और भी कई मामलों में उनको फंसाने की कोशिश है। यह एक केस इस ओर इशारा करता है। शंकराचार्य ने कहा कि शाहजहांपुर के एक व्यक्ति को उन्हें फंसाने के लिए तैयार किया जा रहा था। लोगों को लालच दिया जा रहा है कि वे अपनी बेटियों के साथ गलत काम का आरोप शंकराचार्य पर लगाएं।
अब मुझे लगता है कि मेरे खिलाफ बड़ी साजिश हो रही है। और भी कई मामलों में मुझे फंसाने की कोशिश है। यह एक केस इस ओर इशारा करता है। शाहजहांपुर के एक व्यक्ति को मुझे फंसाने के लिए तैयार किया जा रहा था। लोगों को लालच दिया जा रहा है कि वे अपनी बेटियों के साथ गलत काम का आरोप शंकराचार्य पर लगाएं।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
यौन शोषण मामले की जांच कर रही प्रयागराज पुलिसआपको बता दें कि शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज की याचिका पर कोर्ट ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। प्रयागराज की झूंसी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही शंकराचार्य से इस संबंध में पूछताछ हो सकती है। आशुतोष ब्रह्मचारी का आरोप है कि माघ मेले के दौरान नाबालिग शिष्यों के साथ शंकराचार्य के शिविर में यौन शोषण किया गया। एफआईआर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ उनके शिष्य मुकुदानंद गिरि का भी नाम है।
'सीडी क्यों सार्वजनिक नहीं की जा रही है'
एक दिन पहले वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा था कि अगर पुलिस उनको इस मामले में अरेस्ट करना चाहती है तो कर ले। वह पूरा सहयोग करेंगे। शंकराचार्य ने कहा कि बताया जा रहा है कि आशुतोष ब्रह्ममचारी के पास इस मामले से जुड़ी सीडी है। इस सीडी को किसने बनाया। इसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है। ईश्वर की अदालत में इसका फैसला होगा।
'प्रशासन के कैमरों में कैद हुई होगी वारदात'
शंकराचार्य ने यह भी कहा कि माघ मेले के दौरान प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। अगर उनके शिविर में कुछ हुआ होता तो कैमरों में कैद हुआ होगा। जिन शिष्यों के साथ यौन शोषण का आरोप लगाया गया है, वे कभी भी उनसे शिक्षा लेने आए ही नहीं। वे उनको जानते ही नहीं है। कोर्ट में जो मार्कशीट लगी हुई है, उनमें हरदोई के किसी स्कूल का जिक्र है।