उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सेट किया बीजेपी का एजेंडा, 'धामी का चेहरा' और 'भगवा राष्ट्रवाद' बनेंगे जीत के मुख्य हथियार
Uttarakhand Assembly Elections 2027
देहरादून: Uttarakhand Assembly Elections 2027: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिन के प्रवास में चुनावी एजेंडा सेट करने के साथ ही कई नए प्रयोग भी कर दिए। जिससे आने वाले समय में प्रदेश की सियासत में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसका असर भी दिखना शुरू हो गया है।
नितिन नवीन के दिल्ली पहुंचते ही सबसे पहले महामंत्री संगठन अजय कुमार की विदाई हो गई है। अजय कुमार को राजस्थान भेजा गया है। अब प्रदेश स्तर पर नए बदलाव और राष्ट्रीय टीम में भी कुछ चेहरों को शामिल करने की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
धामी के चेहरे पर ही फिर से दांव
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिन के उत्तराखंड दौेरे के दौरान संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। नितिन ने प्रदेश में एक बार फिर धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ने और सरकार बनाने की बात कही। बता दें कि बीजेपी में चुनाव से पहले नेतृत्व को लेकर ज्यादा बात नहीं होती है। इस बार बीजेपी ने धामी के चेहरे पर ही फिर से दांव खेलने का ऐलान किया है। जिसको लेकर नितिन नवीन ने भी मुहर लगाई है।
भगवा राष्ट्रवाद का संदेश
इसके साथ ही नितिन ने देवभूमि में फिर से बीजेपी सरकार लाने और यहां से भगवा राष्ट्रवाद का संदेश पूरे देश में ले जाने का आह्रान किया है। बीजेपी ने देवभूमि से भगवा का राष्ट्रवाद संदेश पूरे देश में ले जाने को लेकर खास प्लानिंग की हैं। उत्तराखंड को बीजेपी पहले ही यूसीसी के मामले में मॉडल स्टेट के तौर पर पेश कर चुकी है।
खास प्लानिंग पर काम
उत्तराखंड पहला राज्य है, जहां यूसीसी को लागू किया गया है। इसके बाद बीजेपी शासित राज्यों में यूसीसी लागू किया जा रहा है। अब बीजेपी भगवा का राष्ट्रवाद संदेश देवभूमि से पूरे देश में लाने की खास प्लानिंग पर काम कर रही है। नितिन नवीननितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से जोर देते हुए कहा कि ये सिर्फ एक सरकार नहीं बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारों की सरकार है, जिसे प्रचंड बहुमत से वापिस लाना जरूरी है।
बूथ और शक्ति केंद्र मजबूत
नवीन का मानना है कि देवभूमि से हमेशा भगवा का संदेश देश भर में फैलते रहना चाहिए। उन्होंने जोश बढ़ाते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं में मन मुताबिक परिणाम लाने की क्षमता है। हमे अब बैठना नहीं है क्योंकि चुनावों में बहुत अधिक समय शेष नहीं है। उन्होने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि फिर से सरकार लाने के जुनून के साथ बूथ और शक्ति केंद्रों पर जाकर उन्हें मजबूत करना है।
बूथ जीता, तो चुनाव जीता मंत्र
नितिन ने बूथ समिति की बैठक में प्रत्येक कार्यकर्ता से संवाद किया और बूथ को सबसे मजबूत इकाई बनाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि "बूथ जीता, तो चुनाव जीता" के संकल्प के साथ हमें जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना है। उन्होंने सभी से जमीनी राजनैतिक हकीकत की जानकारी लेते हुए जीत का मंत्र दिया। बीजेपी में जिस तरह नितिन नवीन ने जोश भरा, अब कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।