अयोध्या पहुंचा कांग्रेस का डेलिगेशन, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को किया गया हाउस अरेस्ट

Congress delegation reaches Ayodhya

Congress delegation reaches Ayodhya

लखनऊ। Congress delegation reaches Ayodhya: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को सोमवार देर रात अयोध्या स्थित एक होटल में रोक दिए जाने के बाद राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष को होटल पद्मश्री पैलेस में हाउस अरेस्ट कर दिया गया है।

अजय राय मंगलवार को श्रीराम मंदिर में दर्शन करने और चढ़ावा चोरी के मामले की जानकारी लेने के लिए जाने वाले नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंचे थे।

प्रतिनिधिमंडल में सांसद और विधायक भी शामिल होने वाले हैं। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि राम मंदिर जाने से रोका जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस के अनुसार, अजय राय के नेतृत्व में सांसद तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह तथा विधायक वीरेंद्र चौधरी का प्रतिनिधिमंडल रामलला के दर्शन के बाद साधु-संतों, प्रशासन, प्रबुद्ध वर्ग और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर मामले की जानकारी जुटाने वाला था

पार्टी इस संवाद के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सौंपेगी। प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट के आधार पर मानसून सत्र में संसद के भीतर सरकार को घेरने के साथ इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है और अब श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में भी सवालों से बच रही है। पार्टी का कहना है कि जांच से जुड़े तथ्यों और स्थानीय लोगों की राय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।