'जा बेटा, अंकल चॉकलेट दिलाएंगे', मां गुरप्रीत ने ही अंगद को भेजा था प्रेमी अर्पित के साथ
Lure of chocolate turns into a deadly trap
उत्तर प्रदेश के मेरठ में मां गुरप्रीत ने ही अपने 7 साल के मासूम बेटे को मौत के मुंह में झोंक दिया। उसने अपने बेटे को ‘अंकल चॉकलेट दिलाएंगे’ कहकर कातिल प्रेमी के साथ भेजा। मासूम के कत्ल के बाद कातिल प्रेमी ने उसकी मां को भेजे मैसेज में लिखा-‘काम हो गया, तेरे बेटे को मार दिया, टेंशन मत ले।’ मासूम अंगदवीर हत्याकांड के सनसनीखेज खुलासे में रोंगटे खड़े कर देने वाली ये कहानी सामने आई है। लोग, यह जानकार हैरान हैं कि एक मां ने ही प्रेमी के साथ संबंधों की बात छिपाने और शादी करने के लिए सात साल के मासूम बेटे की हत्या कराई। हत्या की पूरी प्लानिंग की जानकारी मां गुरप्रीत कौर को थी और उसने ही सहमति भी दी थी।
इतना ही नहीं, दोनों ने प्लानिंग की थी कि मामला शांत होते ही फरार हो जाएंगे और कहीं ओर जाकर शादी कर लेंगे। पुलिस ने अंगदवीर की मां गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। मोबाइल फोन की व्हाट्सएप-चैट भी रिकवर कर ली गई है। बहसूमा के रामराज निवासी सात साल के अंगदवीर की चार दिन पहले अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मीरापुर निवासी अर्पित को गिरफ्तार कर लिया। अर्पित के अंगदवीर की मां गुरप्रीत कौर से अवैध संबंध हैं। कुछ ही दिन पहले दोनों को अंगदवीर ने एक साथ देख लिया था। गुरप्रीत कौर को आशंका थी कि बेटा उसके प्रेम संबंधों का खुलासा परिजनों के सामने कर देगा। गुरप्रीत कौर के कहने पर ही अर्पित ने अंगदवीर का अपहरण किया और हत्या कर दी। लाश को हस्तिनापुर के जंगल में ले जाकर फेंका था। पुलिस ने अर्पित को दो दिन पहले गिरफ्तार कर लिया था। मोबाइल की जांच के दौरान अर्पित और गुरप्रीत कौर के बीच बातचीत का रिकार्ड मिला, जिसके आधार पर अंगदवीर की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। गुरप्रीत कौर को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया है।
अंकल चॉकलेट दिलाएंगे कहकर मां ने ही बेटे को भेजा था
गुरप्रीत ने ही मासूम अंगद को यह कहकर अर्पित की कार में बैठाया था कि बेटा अंकल कार में जा रहे हैं, तुझे चॉकलेट दिलाकर लाएंगे। मां की बात पर भरोसा कर मासूम दौड़कर कार में बैठ गया। दोनों को अंदाजा नहीं था कि जिस मार्ग से कार गुजरी, वहां मकान में लगे हिडन सीसीटीवी कैमरे में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई थीं।
काम हो गया, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले
पुलिस अधिकारियों की मानें तो गुरप्रीत ने स्वीकार किया कि उसने प्रेमी अर्पित पाराशर के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी। दोनों के मैसेज भी मिले हैं, जिसमें हत्या करने के बाद अर्पित ने गुरप्रीत कौर को बताया कि ‘काम हो गया है, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले’। पुलिस जांच में गुरप्रीत कौर और अर्पित पाराशर के मोबाइल फोन से मिली चैटिंग ने पूरे षड्यंत्र की परतें खोल दी हैं। पुलिस के मुताबिक अंगदवीर की हत्या के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे गुरप्रीत ने अर्पित को संदेश भेजा कि पुलिस आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 15 जून को हुई चैटिंग से स्पष्ट संकेत मिलता है कि हत्या पूर्व नियोजित थी।
पति से मांगती थी तलाक
पुलिस पूछताछ में गुरप्रीत ने बताया कि वह अपने पति गुरसेवक सिंह से तलाक चाहती थी। गुरसेवक सिंह सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। गुरप्रीत का कहना है कि उसने कई बार तलाक की बात की, लेकिन पति ने तलाक देने से इनकार कर दिया था।
दादी का छलका दर्द
गुरप्रीत के जेल जाने की सूचना मिलते ही मृतक अंगदवीर की दादी बलजिंदर कौर फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि जिस मां ने नौ माह तक बेटे को कोख में रखा, उसी ने उसकी जान लेने की साजिश रच दी। उन्होंने कहा कि इस घटना ने मां शब्द को भी कलंकित कर दिया है।
क्या बोली पुलिस
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि गुरप्रीत कौर ने ही अपने प्रेमी अर्पित के साथ मिलकर बेटे अंगदवीर की हत्या कराई थी। पुलिस ने गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार किया है और कोर्ट के सामने पेश किया गया है। बाकी साक्ष्य संकलन करने की कार्रवाई की जा रही है।