नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज शुरू होंगी कमर्शियल उड़ानें, लखनऊ से पहुंचेगी पहली फ्लाइट

1000241166

Commercial flights to begin from Noida International Airport today

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज सोमवार से कमर्शियल उड़ानें शुरू होंगी। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट का फीता काटकर कमर्शियल सेवा की शुरुआत करेंगे। लखनऊ से इंडिगो की उद्घाटन फ्लाइट सुबह 8.05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरेगी।

उद्घाटन उड़ान से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्य सचिव एसपी गोयल के साथ 75 कारोबारी परिवारों के अलावा अन्य यात्री भी नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर होने वाले बेहद अहम कार्यक्रम में प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष, मुख्य सचिव के अलावा सांसद, विधायक और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय, भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के अधिकारी भी शामिल होंगे।

एयरपोर्ट से कमर्शियल सेवाओं की शुरुआत के लिए होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के लिए यापल और नियाल के अधिकारी कई दिनों से तैयारी में जुटे हैं। पहले दिन नोएडा एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस दो विशेष के साथ कुल आठ उड़ानें संचालित करने जा रहा है।

160 किसानों को लेकर लखनऊ जाएगी विमान

एक विशेष फ्लाइट नोएडा से लखनऊ के लिए सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। इस फ्लाइट से 160 किसानों के साथ जेवर विधायक व नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. के अधिकारी भी शामिल होंगे।

यह फ्लाइट 9.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी, जहां किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद और एयरपोर्ट के लिए उनका आभार व्यक्त करेंगे। वापसी में 2.30 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 3.30 बजे नोएडा एयरपोर्ट पर उतरेगी।