उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत श्रमिकों की बढ़ाई सुरक्षा
Uttar Pradesh government increases
लखनऊ। पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत प्रदेश के श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण कंपनियों और परियोजनाओं में कार्यरत हैं। इन श्रमिकों का चयन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और इजराइल की सरकारी संस्था पीबा के माध्यम से वर्ष 2024 में किया गया था।
सरकार के अनुसार सभी श्रमिक नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर काम कर रहे हैं और उनके कुशलक्षेम पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस बीच भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी कर सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एमके शन्मुगा सुन्दरम् ने भारत के राजदूत जेपी सिंह से वार्ता की, जिसमें दूतावास ने स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी दी।
आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन: +972-54-7520711, +972-54-2428378 या ईमेल [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।