उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को मिला नया नेतृत्व, प्रताप सिंह बघेल संभालेंगे जिम्मेदारी
Uttar Pradesh Board of Secondary Education Gets New Leadership
लखनऊ। Uttar Pradesh Board of Secondary Education Gets New Leadership, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभापति और माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक का कार्यभार प्रताप सिंह बघेल को सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं सभापति डॉ. महेंद्र देव का 31 मई को अंतिम कार्य दिवस था।
प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अपर शिक्षा निदेशक स्तर के दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक) के पद पर कार्यरत प्रताप सिंह बघेल को अब प्रभारी शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के पद पर तैनात किया गया है। वह प्रयागराज और लखनऊ से संचालित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रताप सिंह बघेल को प्रभारी माध्यमिक शिक्षा निदेशक का पद संभालने का आदेश सोमवार को विशेष सचिव शिक्षा कृष्ण कुमार गुप्ता ने जारी किया। प्रताप सिंह बघेल के स्थान पर अनिल भूषण चतुर्वेदी को प्रभारी शिक्षा निदेशक बेसिक के पद पर तैनात किया गया है। अनिल भूषण चतुर्वेदी इससे पहले प्रभारी निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा के पद पर तैनात थे।
अनिल भूषण चतुर्वेदी, जो वर्तमान में प्रभारी निदेशक, साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा के पद पर कार्यरत थे, उन्हें प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। शासन की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन में दोनों अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। शिक्षा विभाग में हुए इस बदलाव को आगामी शैक्षिक सत्र और विभागीय कार्यों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।