मनोहर लाल खट्टर ने ‘अर्बन चैलेंज फंड’ लॉन्च किया, पहले चरण में ₹1 लाख करोड़ से शहरी विकास को मिलेगा नया बल
- By Gaurav --
- Thursday, 16 Apr, 2026
Urban Challenge Fund Launched by Manohar
केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीरवार को नई दिल्ली में शहरी विकास की महत्वाकांक्षी योजना ‘अर्बन चैलेंज फंड’ का शुभारंभ किया। इस दौरान योजना के संचालन संबंधी दिशानिर्देशों और ऋण पुनर्भुगतान गारंटी उप-योजना को भी लॉन्च किया गया।
सरकार ने इस योजना के पहले चरण में 1 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 4 लाख करोड़ रुपए तक ले जाने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य देश के शहरों और कस्बों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और शहरी समस्याओं के समाधान के लिए पारदर्शी व प्रभावी व्यवस्था तैयार करना है।
इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर आयोजित बैठक में कई राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मोहन यादव और मोहन चरण मांझी ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान शहरों को बैंकों, वित्तीय संस्थानों और क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों से जोड़ने के लिए एक ई-डायरेक्टरी भी लॉन्च की गई, जिससे फंड के प्रभावी कार्यान्वयन को आसान बनाया जा सके।
इसके अलावा, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय और राज्यों के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर डिजिटल हस्ताक्षर किए गए, जो इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सहयोग को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों, बैंकों, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों, क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ भी आशय पत्र (LoI) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल शहरी परियोजनाओं के वित्तपोषण, क्षमता निर्माण और कार्यान्वयन के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।