यूपी पुलिस दारोगा भर्ती का रिजल्ट जारी, देखें कटऑफ और चयनित अभ्यर्थियों की संख्या
UP Police SI Result 2026
लखनऊ : UP Police SI Result 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की पुलिस भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. भर्ती परीक्षा में 12,333 अभ्यर्थी पास हुए हैं. यह परीक्षा बीती 14-15 मार्च 2026 को आयोजित हुई थी. अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट देख सकते हैं. चयनित अभ्यर्थी अगले राउंड में भाग ले सकेंगे. पुलिस उपमहानिरीक्षक अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने सूचना जारी कर जानकारी दी है.
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से सब-इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की गई थी. जिसके बाद अभ्यर्थियों से प्रश्नों को लेकर आपत्तियां मांगी गईं थीं. गुरुवार को बोर्ड ने परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है.
परीक्षा का रिजल्ट ऑफिशल वेबसाइट https://uppbpb.gov.in/ पर डाउनलोड किया जा सकता है. अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण संख्या तथा जन्म तिथि भरकर रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं. जो अभ्यर्थी पंजीकरण संख्या भूल गए हैं उनके लिए फॉरगेट रजिस्ट्रेशन नंबर का भी ऑप्शन है, जिसके जरिए वह अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं.
बता दें कि उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा में कुल 15,76760 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें महिलाओं की संख्या 409374 और पुरुषों की संख्या 11,66386 थी. इस परीक्षा में कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा.
लिखित परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को अब शारीरिक परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन कराना होगा. माना जा रहा है कि यह सभी प्रक्रियाएं मई माह के तृतीय सप्ताह में हो सकती हैं. पुलिस भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट चेक करने की सलाह दी है.