यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: 75 जिलों में 1180 केंद्र तैयार, 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
UP Police Recruitment Exam: 1180 centres ready in 75 districts
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारियों व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आठ से 10 जून तक होने वाली सिपाहियों की भर्ती परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा को लेकर सभी 75 जिलों में 1180 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सम्पन्न होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10 बजे से मध्यान्ह 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह तीन बजे से पांच बजे तक आयोजित होगी। इस भर्ती परीक्षा में कुल 28,86,797 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
बुधवार को अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही सभी अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता व गोपनीयता बनाए रखने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सभी तैनात कार्मिक केवल सत्यापित राजकीय कर्मचारी होंगे तथा उनकी नियुक्ति रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कार्मिकों की पहचान का शत-प्रतिशत सत्यापन ई-केवाईसी के जरिए किया जाए। केंद्र व्यवस्थापक सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बोर्ड द्वारा निर्धारित पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्धारित क्लाक रूम में जमा कराए गए हों। उन्होंने आवंटित कक्षों, नियंत्रण कक्ष एवं स्ट्रांग रूम को छोड़कर सभी अप्रयुक्त कक्षों को स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा विधिवत सील किए जाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त समस्त कार्मिकों के नामों का मिलान नामांकन सूची से किया जाए। सभी कार्मिकों की सघन तलाशी ली जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी के पास मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हों।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी द्वारा सभी नामांकित कार्मिकों की सूची परीक्षा तिथि से कम से कम दस दिन पूर्व उपलब्ध कराई जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि समस्त नामांकित कार्मिकों को बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रारूप में सक्षम अधिकारी, अपर जिलाधिकारी के हस्ताक्षरयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएं।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल के 32,679 पदों पर भर्ती के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।