UP Minister Yogendra Upadhyay

योगी सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का बयान: ‘जॉनी जॉनी’ और ‘रेन रेन गो अवे’ बच्चों को सिखा रही गलत संस्कार

pp

UP Minister Yogendra Upadhyay

उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने नर्सरी में पढ़ाई जाने वाली लोकप्रिय अंग्रेजी कविताओं ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ और ‘रेन रेन गो अवे’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी कविताएं बच्चों को भारतीय संस्कारों से दूर ले जा रही हैं और उनमें झूठ बोलने व स्वार्थ की भावना को बढ़ावा देती हैं।

कानपुर में शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह के दौरान मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी या शिक्षक बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को संस्कारित करना और राष्ट्र निर्माण करना भी है। उन्होंने कहा कि आजकल माता-पिता बड़े गर्व से बच्चों से ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ कविता सुनवाते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि इस कविता से बच्चों को क्या सीख मिल रही है।

उन्होंने कहा कि कविता में बच्चा चीनी खाने की बात छिपाता है और झूठ बोलता है। मंत्री ने कहा, “‘टेलिंग अ लाई, नो पापा’ जैसे शब्द बच्चों को झूठ बोलने की गलत सीख देते हैं। आखिर हम अपने बच्चों को क्या संस्कार दे रहे हैं?”

इसके साथ ही उन्होंने ‘रेन रेन गो अवे’ कविता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस कविता में बच्चे की व्यक्तिगत इच्छा को सबसे ऊपर रखा गया है। “लिटिल जॉनी खेलना चाहता है, इसलिए बारिश चली जाए, यह हमारी संस्कृति नहीं है। भारतीय संस्कृति ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना पर आधारित है, जहां प्रकृति और समाज के सामूहिक हित को महत्व दिया जाता है,” उन्होंने कहा।

मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर विफल रही है, इसलिए ऐसे विवादित मुद्दे उठाकर लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता शर्वेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए उपलब्धियां नहीं हैं, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।