उन्नाव सांसद साक्षी महाराज का विवादित वीडियो: AI और एडिटिंग का बताया खेल, जानें पूरा सच
Unnao MP Sakshi Maharaj's Controversial Video
उन्नाव। Unnao MP Sakshi Maharaj's Controversial Video, अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज का ब्राह्मणों को लेकर एक बयान इंटरनेट मीडिया प्रचलित है जो सुर्खियों में है। जिसमें सांसद कह रहे हैं कि 18 शास्त्र, चारों वेद हमने लिखे हैं उन्होंने क्या किया सीता चुराई और क्षत्रियों के बच्चों की हत्या की। कोई विद्वान मुझसे सास्त्रार्थ कर सकता है।
इस बयान को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह तरह की टिप्पणी भी की जा रहीं हैं। इस बयान पर सांसद ने कहा कि यह वीडियो हरियाणा के एक कार्यक्रम का है जो एआइ से काट छांटकर तैयार किया गया है। सांसद साक्षी महाराज ने अपनी फेसबुक वाल पर भी इस वीडियो को लेकर लिखा है कि भाषणों के अंशों को काट-छांटकर, वीडियो की एडिटिंग कर, अथवा एआइ तकनीक का दुरुपयोग करते हुए तथ्यहीन पोस्टर, फोटो और संदेश प्रसारित किया गया है।
उन्होंने लिखा है कि कई बार किसी वक्तव्य का आरंभ, मध्य या अंत काटकर उसका वास्तविक आशय बदल दिया जाता है, जिससे सत्य विकृत हो जाता है और समाज में अनावश्यक भ्रम, विरोधाभास तथा वैमनस्य की भावना उत्पन्न होती है। कुछ लोग गलत तरीके से एआइ द्वारा फोटो तैयार कर उनमें निराधार और असत्य बातों का प्रदर्शन करके उन्हें आगे बढ़ाते हैं। यह अत्यंत निंदनीय है। इसी प्रकार वीडियो की कट-छांट कर भ्रामक संदेश देना भी समाज के प्रति गैर-जिम्मेदाराना आचरण है। मैं सर्व समाज से भी निवेदन करना चाहता हूं कि कृपया किसी भी पोस्ट, फोटो, वीडियो या संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसके तथ्यों की पूरी जांच अवश्य कर लें।
उन्होंने आगे लिखा कि,
मेरा एक बार फिर उन उत्साही युवाओं से आग्रह है कि कृपया ऐसा करने से बचें। इस प्रकार की गतिविधियों से आप समाज को मजबूत नहीं, बल्कि कमजोर कर रहे हैं। समाज की वास्तविक शक्ति सत्य, संयम, जिम्मेदारी और सकारात्मक विचारों में है। अतः तथ्यपूर्ण और समाज हितकारी बातों को ही आगे बढ़ाएं।