कांगड़ा की पंचायत चुनाव में अनोखा परिणाम: 30 साल चौकीदार रहे जगदीश कुमार बने प्रधान

कांगड़ा की पंचायत चुनाव में अनोखा परिणाम: 30 साल चौकीदार रहे जगदीश कुमार बने प्रधान

Unique Result in Kangra Panchayat Elections

Unique Result in Kangra Panchayat Elections

जयसिंहपुर (कांगड़ा)। Unique Result in Kangra Panchayat Elections, हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के बाद अब रोचक नतीजे सामने आ रहे हैं। विकास खंड लंबागांव की ग्राम पंचायत संघोल में इस बार के पंचायत चुनावों ने एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। करीब तीन दशकों तक पंचायत में चौकीदार के रूप में सेवाएं देने वाले जगदीश कुमार अब उसी पंचायत के प्रधान निर्वाचित हुए हैं।

उनकी जीत को क्षेत्र के लोग मेहनत, समर्पण और जनविश्वास की जीत के रूप में देख रहे हैं। प्रधान पद के चुनाव में जगदीश कुमार ने 430 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। वहीं उपप्रधान पद पर राकेश कुमार ने 631 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

पंचायत में कुल 1140 मत पड़े। चुनाव परिणाम घोषित होते ही पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हर समस्या को नजदीक से देखा

करीब 30 वर्ष तक पंचायत चौकीदार के रूप में कार्य करने के दौरान जगदीश कुमार ने पंचायत के हर वार्ड, हर गली और लोगों की समस्याओं को नजदीक से देखा और समझा है। यही अनुभव अब उनके लिए पंचायत के विकास की मजबूत नींव बनने जा रहा है।

क्या रहेगी प्राथमिकता

प्रधान बनने के बाद उन्होंने कहा कि पंचायत में जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा ताकि बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने बताया कि खाल्टा की ओर जाने वाले बरसाती पानी की समस्या को भी लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाकर स्थायी समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत की सभी गलियों को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

चौकीदार यूनियन में भी रहे सक्रिय

जगदीश कुमार केवल पंचायत चौकीदार ही नहीं रहे, बल्कि चौकीदार यूनियन में भी लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने ब्लाक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक यूनियन का नेतृत्व किया और कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाया। 

जताया आभार

अपनी जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए जगदीश कुमार ने पंचायतवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत का सर्वांगीण विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। 

क्या कहते हैं लोग

संघोल पंचायत के लोगों का मानना है कि वर्षों तक जमीनी स्तर पर काम करने वाले जगदीश कुमार का अनुभव पंचायत के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनकी जीत ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची जनसेवा और ईमानदार कार्यशैली का सम्मान जनता हमेशा करती है।