हरियाणा में मार्च की शुरुआत में ही चढ़ा पारा, पलवल सबसे गर्म; 8 मार्च तक शुष्क मौसम के आसार
- By Gaurav --
- Thursday, 05 Mar, 2026
Temperatures rose in Haryana in early March, with Palwal
हरियाणा में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सात जिलों में अधिकतम तापमान 33°C से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1°C अधिक रहा, जो समय से पहले गर्मी बढ़ने का संकेत है।
सबसे अधिक 34.3°C तापमान पलवल में रिकॉर्ड किया गया। भिवानी 34.2°C, नूंह 33.6°C, हिसार और नारनौल 33.5°C तथा महेंद्रगढ़ 33.4°C पर रहे। गुरुग्राम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी पारा 33 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 31.4°C, अंबाला में 32°C और रोहतक में लगभग 31°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। साफ आसमान और तेज धूप के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2–3 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। बीच-बीच में हल्की बादलवाही संभव है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 34–35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
Chaudhary Charan Singh Haryana Agricultural University के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक Chandrashekhar Dagar ने बताया कि 8 मार्च तक मौसम आमतौर पर खुश्क लेकिन परिवर्तनशील रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 4 मार्च की रात से 7 मार्च के दौरान कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई देखने को मिल सकती है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। हालांकि दिन के तापमान में बहुत अधिक गिरावट की उम्मीद नहीं है, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
दिन के तापमान में औसतन 1.2°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यदि यही रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मार्च के शुरुआती दिनों में ही सामान्य से अधिक तापमान दर्ज होना किसानों और आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन सकता है, खासकर गेहूं और सरसों जैसी फसलों पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।
रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। करनाल में न्यूनतम तापमान 12.8°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। गुरुग्राम 12.9°C, चंडीगढ़ 13.8°C, रोहतक 15.8°C और हिसार 16.4°C पर रहा। औसतन न्यूनतम तापमान में 0.5°C की वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य से 3.7°C अधिक रहा।
हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण ठिठुरन लगभग समाप्त हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और प्रदेश में गर्मी का यह क्रम धीरे-धीरे और तेज हो सकता है।